

रुद्रपुर, संवाददाता। सिडकुल सेक्टर–9 स्थित एक कंपनी में शुक्रवार सुबह श्रमिक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजन और साथी श्रमिक भड़क गए और फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही व घटना को छिपाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पीलीभीत के ग्राम गौनेरी निवासी 45 वर्षीय हरिशंकर उर्फ राजू गंगवार, लिफ्टर चालक के रूप में कंपनी में कार्यरत थे और वर्तमान में भदईपुरा वार्ड-14, रुद्रपुर में परिवार सहित रहते थे। गुरुवार रात लगभग 10 बजे वह नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर गए थे। सुबह तक घर न लौटने पर परिजनों ने फोन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल बार-बार कट जाती रही।
चिंतित दामाद भूपेंद्र और साला घनश्याम सुबह कंपनी पहुंचे तो सुरक्षा गार्ड ने बताया कि राजू सुबह करीब छह बजे बाहर जा चुके हैं। परिजन और साथी मजदूर उन्हें ढूंढते रहे, तभी दोपहर में पता चला कि हरिशंकर का शव कंपनी के पैनल रूम में पड़ा मिला है।
इसकी जानकारी मिलते ही परिजन और श्रमिकों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंचे वार्ड पार्षद की मौजूदगी में प्रदर्शन शुरू हो गया। परिजनों का कहना है कि मृतक के मुंह और सिर पर चोट के निशान थे, जिससे स्पष्ट है कि मामले में कुछ गड़बड़ है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई और पूरी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने कहा कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी हीरा कली और बेटी पूजा कंपनी पहुंचीं। शव देखते ही दोनों बदहवास होकर रोने लगीं और कई बार बेहोश हो गईं। साथ मौजूद महिलाओं ने संभालने की कोशिश की, लेकिन परिवार का कोहराम जारी रहा।
साथी कर्मचारी का दावा
पुलिस के अनुसार, राजू रात में साथी कर्मचारी के साथ पैनल रूम में कार्य कर रहे थे। कर्मचारी ने बताया कि लगभग 12 बजे राजू ने दवा लेने की बात कही और फर्श पर लेट गए। सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें उठाने की कोशिश की गई लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद कर्मचारी घर चला गया। पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है।
रुद्रपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में प्रॉपर्टी डीलर की मौत
रुद्रपुर, संवाददाता। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर शुक्रवार सुबह अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गणेशपुर ट्रांजिट कैंप निवासी 22 वर्षीय सिंटू दुबे उर्फ शिव नारायण दुबे पुत्र ओमप्रकाश प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। शुक्रवार सुबह उनकी मां विजयलक्ष्मी दुबे कमरे की सफाई करने पहुंचीं तो सिंटू बिस्तर पर उल्टी के बीच अचेत पड़े थे।
परिजनों द्वारा जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
गल्ला मंडी के नाले में मिला अधेड़ का शव, जांच शुरू
रुद्रपुर, संवाददाता। शुक्रवार सुबह गल्ला मंडी क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय के पास नाले में एक अधेड़ का शव मिलने से स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। नागरिकों की सूचना पर बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान रम्पुरा वार्ड-23 निवासी 65 वर्षीय झम्मनलाल पुत्र मानसिंह के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, झम्मनलाल अविवाहित थे और वर्षों पहले अपनी संपत्ति बेच चुके थे। इसके बाद वह इधर-उधर रहकर गुजर-बसर कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।




