

रूद्रपुर, 15 दिसम्बर।खेल महाकुम्भ-2025 के अन्तर्गत जनपद में 20 दिसम्बर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेलों के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने न्याय पंचायत, विधानसभा एवं संसदीय क्षेत्र स्तर पर गठित खेल समितियों के संयोजकों को शीघ्र बैठक कर खेल मैदानों का चिन्हांकन करते हुए तिथिवार रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खेल स्थलों पर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि वे प्रतियोगिताओं के दौरान तिथिवार खेल मैदानों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
सीडीओ ने कहा कि खेल महाकुम्भ का आयोजन सभी स्तरों पर निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाए तथा प्रतियोगिताओं के शुभारम्भ दिवस पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारियों को पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें। प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पर्याप्त तकनीकी स्टाफ और निर्णायकों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों के लिए जलपान एवं अल्पाहार तथा जनपद स्तर पर खिलाड़ियों के लिए शुद्ध एवं ताजा भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश जिला युवा कल्याण अधिकारी को दिए। साथ ही अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण कराकर प्रतियोगिताओं में सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से खेल महाकुम्भ-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राज्य में खेलों का वातावरण तैयार करना, युवाओं एवं दिव्यांगों को खेलों के प्रति आकर्षित करना, प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करना तथा ‘प्ले ग्राउंड संस्कृति’ को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि खेल महाकुम्भ में उत्तराखण्ड राज्य के स्थायी निवासी खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिताएं अंडर-14 (11 से 14 वर्ष) एवं अंडर-19 (15 से 19 वर्ष) आयु वर्ग में आयोजित होंगी, जबकि दिव्यांग वर्ग के लिए ओपन प्रतियोगिता होगी। न्याय पंचायत स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट सहित चार खेल, विधानसभा क्षेत्र विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी में छह खेल तथा संसदीय क्षेत्र सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत 11 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं नकद पुरस्कार डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, खेल समन्वयक सहित सभी खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं निकाय अधिकारी उपस्थित रहे।




