कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ बाजार में आ गई है। पुस्तक के आधिकारिक विमोचन और प्रकाशन से पहले ही इसके कुछ चुनिंदा अंशों ने राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल मचा दी है।

इस किताब में सोनिया गांधी ने साल 2004 के लोकसभा चुनावों के बाद प्रधानमंत्री पद को अस्वीकार करने के अपने ऐतिहासिक और चौंकाने वाले फैसले के पीछे की पूरी अंदरूनी कहानी बयां की है। उन्होंने बताया है कि कैसे एक तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का भारी दबाव था, तो दूसरी तरफ उनके अपने बच्चे-राहुल गांधी और प्रियंका गांधी-इस पद के खिलाफ थे।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

बच्चों के मन में था इंदिरा और राजीव की हत्या का डर

किताब के अंशों के मुताबिक, 2004 के चुनाव नतीजों से कुछ महीने पहले ही सोनिया गांधी ने अपने बच्चों से इस बात पर चर्चा की थी कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है, तो क्या उन्हें प्रधानमंत्री पद स्वीकार करना चाहिए? उस वक्त सोनिया का जवाब साफ था-”बिल्कुल नहीं।”

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों ही नहीं चाहते थे कि उनकी मां देश की प्रधानमंत्री बनें। इसकी मुख्य वजह उनके परिवार का दर्दनाक राजनीतिक अतीत था। दोनों भाई-बहन अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का वीभत्स मंजर देख चुके थे। उनके मन में साफ डर था कि प्रधानमंत्री बनने से सोनिया गांधी की जान को भी और अधिक खतरा पैदा हो सकता है। जब सोनिया ने बच्चों के सामने पद न संभालने की बात रखी, तो उन्हें और उनके बच्चों दोनों को एक अजीब सी राहत महसूस हुई।

असमंजस के वे पल और ‘विदेशी मूल’ का मुद्दा

सोनिया गांधी ने लिखा है कि चुनाव परिणामों के बाद उनके भीतर कर्तव्य और निजी आशंकाओं के बीच जबरदस्त द्वंद्व चल रहा था। एक तरफ उन्हें लगता था कि इंदिरा और राजीव गांधी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की उनकी नैतिक जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री बनने का विचार उन्हें अंदर से मंजूर नहीं था। इसके अलावा, उनके मन में यह बड़ी आशंका भी थी कि यदि वह प्रधानमंत्री बनती हैं, तो बीजेपी और विपक्षी दल उनके ‘विदेशी मूल’ के मुद्दे को तूल देकर देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर सकते हैं, जिससे अंततः राष्ट्र को नुकसान होता। भारत वह देश था जिसने उन्हें और उनके परिवार को तमाम त्रासदियों के बाद अपनाया था, इसलिए वह देशहित को सर्वोपरि रखना चाहती थीं।

राहुल की नाराजगी और प्रियंका की दो टूक

सोनिया गांधी ने उस तनावपूर्ण पल का भी जिक्र किया है जब गठबंधन के नेता उन्हें मनाने के लिए उनके आवास पर पहुंचे थे। उस दौरान राहुल गांधी ने अपनी मां से सवाल किया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद के लिए हां क्यों कह दी? जब सोनिया ने बताया कि उन पर अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा है और नेता सुनने को तैयार नहीं हैं, तो राहुल काफी नाराज हो गए।

वहीं, प्रियंका गांधी की आंखें रोने से लाल थीं और उन्होंने अपनी मां को याद दिलाया कि वह पहले से ही अपने रुख को लेकर स्पष्ट थीं, इसलिए उन्हें किसी के दबाव में नहीं झुकना चाहिए। उस वक्त सोनिया को अहसास हुआ कि उनके इस फैसले के देश और परिवार पर दूरगामी परिणाम होंगे।

संसद के सेंट्रल हॉल का वह ऐतिहासिक ड्रामा

किताब में उस वाकया का भी विस्तार से जिक्र है जब संसद के सेंट्रल हॉल में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री न बनने का अपना फैसला सुनाया था। उनके इस ऐलान के बाद कांग्रेस और गठबंधन के कई नेता भड़क गए थे। कुछ नेता चिल्लाकर फैसला बदलने की जिद करने लगे तो कई फफक कर रो पड़े। स्थिति इतनी भावुक हो गई थी कि सोनिया को अपना भाषण बीच में ही रोककर मंच से बाहर जाना पड़ा था। कुछ देर बाद वापस लौटकर उन्होंने अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया।

डॉ. मनमोहन सिंह के नाम पर लगाई मुहर

सोनिया गांधी ने साफ किया कि प्रधानमंत्री की कुर्सी कभी उनका राजनीतिक लक्ष्य नहीं रहा। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी और देश के सामने देश के जाने-माने अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल के नेता पद से पीछे हटते हुए मनमोहन सिंह को देश की बागडोर सौंपने का फैसला किया, जिसके बाद 2004 में यूपीए (UPA) सरकार का गठन हुआ और मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री बने।

Advertisement