आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा: अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार नेगी ने किया जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय का निरीक्षण

Spread the love

रूद्रपुर।अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून राजकुमार नेगी (DIG/Addl-CEO Operation, USDMA) ने शनिवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं एवं वर्तमान में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
निरीक्षण के दौरान श्री नेगी ने जनपद स्तर पर आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारियों के साथ परिचर्चा की। उन्होंने जिला आपदा कंट्रोल रूम में वायरलेस ऑपरेटिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से शीतलहर से निपटने की तैयारियों सहित जनपद में आपदा प्रबंधन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया। साथ ही आपदा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभागीय ढांचे के अंतर्गत सृजित रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर श्री नेगी ने बताया कि राज्य के सभी जनपदों में 28 टीईओसी (TEOC) सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा 76 बोलेरो वाहनों के आवंटन की कार्यवाही प्रगति पर है। इसके अलावा, शासन की आईआरएस (Incident Response System) एक्सपर्ट टीम द्वारा शीघ्र ही सभी जनपदों में आईआरएस प्रणाली का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
प्रभारी अधिकारी आपदा प्रबंधन/ओसी गौरव पाण्डेय ने अवगत कराया कि जनपद बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित जिला है। मानसून के दौरान कई क्षेत्रों में जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा नदियों में चैनलाइजेशन एवं रिवर ड्रेजिंग का कार्य किया जाता है, लेकिन शासन से न्यूनीकरण मद में प्राप्त धनराशि अपर्याप्त होने के कारण कुछ नदियों की सफाई शेष रह जाती है। उन्होंने शासन स्तर से न्यूनीकरण मद एवं सिंचाई विभाग के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित किए जाने का अनुरोध किया, ताकि मानसून के दौरान बाढ़ एवं जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
बैठक में अपर जिला अधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी गौरव पांडेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, असिस्टेंट कमांडेंट एनडीआरएफ आर.एस. धपोला, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love