बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक: डी श्रेणी से ए श्रेणी तक सुधार के निर्देश, जनपद को फिर दिलाने का लक्ष्य प्रथम स्थान

Spread the love

रूद्रपुर। उपाध्यक्ष (राज्य स्तरीय) बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति, उत्तराखण्ड ज्योति प्रसाद गैरोला ने सोमवार को जिला सभागार में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बीस सूत्री कार्यक्रम की गहन समीक्षा की।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

बैठक में माह अक्टूबर 2025 की जारी रैंकिंग में डी श्रेणी में आए मदों—हर घर जल, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना एवं पीएमजीएसवाई—पर विशेष चर्चा की गई।
मा० उपाध्यक्ष ने डी श्रेणी में आए मदों के सम्बन्धित अधिकारियों से कारणों की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सभी मदों को शीघ्र ए श्रेणी में लाया जाए। उन्होंने बी एवं सी श्रेणी में शामिल मदों के अधिकारियों को भी आपसी समन्वय से कार्य कर ए श्रेणी प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई बार पात्र लोग योजनाओं की जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित रह जाते हैं, इसलिए विभाग ग्रामीण स्तर पर जाकर जागरूकता बढ़ाएं और शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए। मा० उपाध्यक्ष ने जनपद को गत वर्ष की भांति प्रथम स्थान दिलाने के लिए सभी मदों में ए श्रेणी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के अन्तर्गत दो मदों में मानक से अधिक लक्ष्य होने के कारण रैंकिंग प्रभावित हुई है। उन्होंने अवगत कराया कि लक्ष्य कम कराने के लिए शासन को पत्राचार किया गया है और आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए जनपद को ए श्रेणी में लाया जाएगा।
अधिशासी अभियंता पेयजल, खटीमा ने बताया कि हर-घर जल योजना में पूर्ण कार्यों की धनराशि शासन से अवमुक्त होते ही इस मद में ए श्रेणी प्राप्त कर ली जाएगी। वहीं अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई ने जानकारी दी कि मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण कर इस मद में भी ए श्रेणी हासिल कर ली जाएगी।
बैठक के उपरांत मा० उपाध्यक्ष ने ग्राम पंचायत भमरौला पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें अधिक से अधिक लोग पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान ग्राम प्रधान गौसिया रहमान ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में संयुक्त निदेशक, अर्थ एवं संख्या (बीस सूत्री कार्यक्रम) देहरादून टी.एस. अन्ना, परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. के.के. अग्रवाल, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, प्रभारी जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रीति चोपड़ा, अपर सांख्यिकी अधिकारी देहरादून अरविंद सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love