राज्य आंदोलनकारियों को मिलेगी बढ़ी पेंशन की सौगातसीएम कार्यालय ने विभागों को दिए घोषणा पर कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

:
देहरादून। प्रदेश के हजारों उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को नए साल में बढ़ी पेंशन की सौगात मिलने जा रही है। पेंशन राशि में 1500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की वृद्धि की जाएगी। राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के बाद अब मुख्यमंत्री कार्यालय ने संबंधित विभागों को इस पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सैनिक कल्याण, संस्कृति, गृह, शहरी विकास और राज्य संपत्ति विभाग को निर्देशित किया है कि वे मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप की गई कार्रवाई से सीएम कार्यालय को अवगत कराएं। इसके साथ ही नए साल में शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्रों की प्रमुख अवस्थापना सुविधाओं का नामकरण और स्मारकों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
खास खबर
शहीदों के आश्रितों की पेंशन में दो हजार रुपये की बढ़ोतरी
उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन तीन हजार रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रतिमाह की जाएगी। सात दिन जेल में रहे एवं आंदोलन के दौरान घायल हुए आंदोलनकारियों की पेंशन छह हजार रुपये से बढ़ाकर सात हजार रुपये की जाएगी।
अन्य राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन 4500 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये तथा दिव्यांग होकर शय्याग्रस्त हुए आंदोलनकारियों की पेंशन 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी। इस संबंध में गृह विभाग को कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
अतिथि गृहों में भी मिलेगी सुविधा
राज्य आंदोलनकारियों को अब राज्य के अतिथि गृहों में मान्यता प्राप्त पत्रकारों की तरह अनुमन्य दरों पर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए गृह और राज्य संपत्ति विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रतिक्रिया
अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद अवतार सिंह बिष्ट ने कहा कि नए साल में राज्य आंदोलनकारियों की न सिर्फ पेंशन बढ़ेगी, बल्कि अतिथि गृहों में छूट की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए उन्होंने धामी सरकार का आभार जताया।
उत्तराखंड राज्य के जनक काशीसिंह एरी, वरिष्ठ आंदोलनकारी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष देवभूमि व्यापार मंडल के केंद्रीय अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर, उक्रांद नेता भुवन जोशी, पूर्व राज्य मंत्री भाजपानेता सुरेश परिहार, कमलेंद्र सेमवाल किच्छा मंडी समिति अध्यक्ष पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष ,

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, संरक्षक धीरेंद्र प्रताप व परिषद अध्यक्ष अवतार सिंह बिष्ट ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री द्वारा राज्य आंदोलनकारीयो के पक्ष में की गई घोषणा का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 1 सितंबर 2021 को शहीद स्मारक खटीमा से की गई लगभग सभी घोषणाओं का निस्तारण स्वागतयोग्य है। नववर्ष के अवसर पर उत्तराखंड सरकार को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राज्य आंदोलनकारियों की ओर से इस संवेदनशील और सकारात्मक पहल के लिए धन्यवाद प्रेषित किया गया।


Spread the love