देहरादून पहुंचीं उर्मिला सनावर, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की बात कही

Spread the love


देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में लगातार सुर्खियों में रहीं उर्मिला सनावर एक बार फिर चर्चा में हैं। बुधवार को उर्मिला सनावर के देहरादून पहुंचने की सूचना सामने आते ही राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई। उर्मिला सनावर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल और केवल अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना है और वे इस मामले में गठित एसआईटी जांच में पूरा सहयोग करेंगी।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड)

इसके बाद एसआइटी के सामने पेश होने का दावा कर देहरादून व हरिद्वार की पुलिस को जमकर छकाया। दोनों जिलों की पुलिस उर्मिला के पहुंचने का इंतजार करती रही, लेकिन देर रात तक उर्मिला एसआइटी के सामने नहीं पहुंची।

हरिद्वार के ज्वालापुर, रानीपुर, बहादराबाद और झबरेड़ा थाने में ब्लैकमेलिंग जैसी अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज चार मुकदमों में उर्मिला सनावर नामजद है।

रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में उर्मिला की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट भी जारी हो चुके हैं। जबकि हरिद्वार के बाकी तीन मुकदमों और देहरादून की नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज मुकदमे में पूछताछ के लिए उर्मिला को अलग-अलग चार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। लेकिन उर्मिला का कुछ पता नहीं चल पा रहा था।

चार दिन पहले जान का खतरा जताकर एसएसपी देहरादून के नाम पत्र जारी करने के बाद उर्मिला फिर से भूमिगत हो गई थी। सोमवार देर रात उर्मिला ने कुछ निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया। जिसमें विरोधियों के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल भी किया।

इसके बाद मंगलवार सुबह उर्मिला ने फिर एक वीडियो बयान जारी कर यह बताया कि वह एसआइटी के सामने पेश होने देहरादून के लिए निकल गई है और एक-एक सवाल का जवाब देगी। उर्मिला के इस वीडियो के बाद देहरादून पुलिस अलर्ट हो गई।

दोपहर तक इंतजार होता रहा, पर उर्मिला देहरादून नहीं पहुंची। इसके बाद चर्चाएं होने लगी कि कहीं उर्मिला हरिद्वार तो नहीं जा रही है। देर रात तक हरिद्वार में भी उर्मिला का इंतजार होता रहा, मगर उर्मिला का इंटरनेट मीडिया के अलावा कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।

एसआइटी प्रभारी व एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि केवल इंटरनेट मीडिया पर ऐसी खबरें मिल रही हैं। उर्मिला व किसी अन्य की ओर से ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

पिछले नौ दिन सबसे ज्यादा भारी

हरिद्वार: उर्मिला सनावर ने वीडियो काल पर कुछ मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए अपनी परेशानी साझा की। उर्मिला ने कहा कि पिछले नौ दिन उसकी जिंदगी के सबसे भारी दिन रहे। पुलिस ने चंडीगढ़ में छापा मारा, जहां उसकी शूटिंग चल रही थी। उर्मिला ने बताया कि सिर छिपाने के लिए उसने कई रिश्तेदारों के दरवाजे खटखटाए, लेकिन रात में भी किसी ने पनाह नहीं दी।

अंकिता बनकर लौट रही उत्तराखंड

उर्मिला ने अपने वीडियो बयान में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर फिर से कई दावे किए। उसने कहा कि उर्मिला नहीं आ रही है, उत्तराखंड की धरती पर अंकिता भंडारी आ रही है और बेटी को न्याय दिलाकर ही रहेंगी। उर्मिला ने जय बद्री विशाल, जय केदारनाथ, जय श्रीराम के नारे भी लगाए।

इसके अलावा प्रसारित आडियो क्लिप की प्रमाणिकता को लेकर सुरेश राठौर की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए उर्मिला ने एक वीडियो बनाया। जिसमें उसने आडियो क्लिप की तारीख व समय दिखाते हुए दोहराया कि आडियो क्लिप असली हैं। एआइ जैसी किसी तकनीक का इस्तेमाल नहीं हुआ है।


उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी प्रकरण अत्यंत संवेदनशील है और इसे किसी भी सूरत में भटकाने नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच सामने आना चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उर्मिला ने यह भी कहा कि वे किसी राजनीतिक दबाव में नहीं हैं और जो भी जानकारी उनके पास है, वह जांच एजेंसियों के समक्ष रखी जाएगी।
देहरादून पहुंचने के बाद उर्मिला सनावर के अगले कदमों को लेकर अटकलें तेज हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में वे जांच अधिकारियों से मुलाकात कर अपना पक्ष रखेंगी। वहीं, अंकिता भंडारी प्रकरण में उर्मिला सनावर की भूमिका को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज

वीडियो के वायरल होते ही प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो गईं और देर शाम तक उनके हरिद्वार या देहरादून पहुंचने को लेकर कयासबाजी चलती रही। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बीच देहरादून और हरिद्वार पुलिस ने उर्मिला सनावर की मौजूदगी से अनभिज्ञता जताई और इंटरनेट मीडिया पर चल रही चर्चाओं को अफवाह करार दिया।

गांधी पार्क के पास दिखी उर्मिला

इसी बीच रात करीब साढ़े नौ बजे उर्मिला सनावर को गांधी पार्क के पास राजपुर रोड की ओर जाती हुई अर्टिगा कार में देखा गया। उनके साथ एक अन्य वाहन में स्वामी दर्शन भारती भी मौजूद बताए गए। हैरानी की बात यह रही कि आम लोगों और कुछ पत्रकारों ने उर्मिला को पहचान लिया, जबकि पुलिस लगातार उनके देहरादून में होने से इन्कार करती रही।

पत्रकारों ने गाड़ी को रोक किए सवाल

कनक चौक के पास अचानक जाम की स्थिति बन गई, जहां कुछ पत्रकारों ने उर्मिला की गाड़ी को रोककर सवाल किए। इस दौरान उर्मिला सनावर ने कहा कि वह उत्तराखंड पहुंच चुकी हैं, लेकिन अभी न तो पुलिस से मिली हैं और न ही किसी से औपचारिक मुलाकात हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह स्वामी दर्शन भारती के साथ हैं और बुधवार को सार्वजनिक रूप से पूरे मामले पर अपनी बात रखेंगी।

दोहराया, सभी सबूत हैं मेरे पास

उर्मिला ने दोहराया कि उनके पास अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े सभी सबूत हैं और वह अंकिता को न्याय दिलाने के उद्देश्य से ही उत्तराखंड आई हैं। घटना को लेकर एक और चर्चा का विषय उनकी अर्टिगा कार बना, जिस पर टेंपरेरी नंबर होने के बावजूद सरकारी नेम प्लेट लगे होने की बात कही जा रही है। इससे राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। साथ ही, पुलिस की सक्रियता और सूचना तंत्र पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

वीडियो में बोली ‘जय श्री राम’…

इधर, दिन में जारी उर्मिला सनावर के फेसबुक वीडियो ने भी सियासी हलकों में अलग ही बहस छेड़ दी। वीडियो में ‘जय श्री राम’, ‘जय बदरी विशाल’ और ‘जय केदार’ जैसे उद्बोधनों के साथ देवभूमि और अयोध्या का उल्लेख किया गया है। इसे लेकर विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने हिसाब से निहितार्थ निकाल रहे हैं।


Spread the love