मोदी मैदान में स्टेडियम व ऑडिटोरियम निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया तेज, विधायक शिव अरोड़ा ने की समीक्षा बैठक

Spread the love

रुद्रपुर | मोदी मैदान में प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम एवं इनडोर ऑडिटोरियम के निर्माण को लेकर रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के पूर्व में किए गए निवेदन पर अब ठोस पहल होती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में विधायक शिव अरोड़ा ने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ वार्ता कर एक समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें परियोजना की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और प्रशासनिक औपचारिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


बैठक में विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोदी मैदान जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम और आधुनिक इनडोर ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तत्काल टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि विकास कार्य धरातल पर शीघ्र उतर सके।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि रुद्रपुर के युवाओं को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। आउटडोर स्टेडियम से जहां खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं का मंच मिलेगा, वहीं इनडोर ऑडिटोरियम से शैक्षिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों को नई दिशा मिलेगी।
विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बैठक में परियोजना से संबंधित अद्यतन स्थिति की जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूर्ण कर शीघ्र ही टेंडर जारी किए जाएंगे।
स्थानीय नागरिकों और खेल प्रेमियों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि मोदी मैदान का यह विकास रुद्रपुर को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।


Spread the love