

रुद्रपुर। मेट्रोपोलिस सिटी स्थित विला पार्क में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड आयुष परिषद के अध्यक्ष एवं चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के एमडी डॉ. के.सी. चंदोला तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रवीण कोठारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. के.सी. चंदोला ने कहा कि गणतंत्र केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उन अमर शहीदों के सपनों को जीवंत रखने का संकल्प है, जिन्होंने एक स्वतंत्र, समतामूलक और सशक्त भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर तेजी से उभर रहा है, लेकिन किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक स्वास्थ्य में निहित होती है।
वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. चंदोला ने आयुष, आयुर्वेद और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत लोकतंत्र की रीढ़ होते हैं। उन्होंने मेट्रोपोलिस जैसी आधुनिक कॉलोनियों को “लघु भारत” की संज्ञा देते हुए कहा कि विविधता में एकता ही भारतीय गणतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी उतने ही सजग रहें, क्योंकि जागरूक युवा ही राष्ट्र के भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों एवं महिलाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को भावनात्मक और ऊर्जावान बना दिया। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी देश की प्रगति, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में विनोद शर्मा, एस.एस. पटवाल, उमेद बिष्ट, बसंत जोशी, अनिल यादव, एच.सी. गुप्ता, विवेक शर्मा, जनार्दन, हंसी देवी, रेवती चंदोला, प्रभा सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।




