मां के सामने आंगन से 5 वर्षीय मासूम को उठा ले गया गुलदार, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

Spread the love

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग की तहसील क्षेत्र अंतर्गत न्याय पंचायत सारी के सिन्द्रवाणी गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक आदमखोर गुलदार ने घर के आंगन में मां के पास खेल रहे पांच वर्षीय मासूम को अचानक अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


प्राप्त जानकारी के अनुसार सिन्द्रवाणी गांव निवासी हेमंत सिंह बिष्ट का पांच वर्षीय पुत्र दक्ष मंगलवार शाम करीब पांच बजे अपनी मां के साथ घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर बच्चे को मां के हाथों से झपट लिया और जंगल की ओर भाग गया। घटना इतनी तेजी से घटी कि मां कुछ समझ पाती, उससे पहले ही गुलदार मासूम को लेकर आंखों से ओझल हो गया।
बच्चे की चीख-पुकार और मां के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई। अंधेरा होने के बावजूद ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और मशालों, टॉर्च तथा मोबाइल की रोशनी में जंगल में खोजबीन शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर सघन सर्च अभियान चलाया गया। देर रात करीब 11 बजे जंगल में घर से लगभग एक किलोमीटर दूर मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
ग्राम सभा सिन्द्रवाणी की प्रधान पुष्पा देवी ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे गांव के लिए अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में भारी दहशत है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। वहीं जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए वन विभाग व प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


Spread the love