

रुद्रपुर।कुमाऊं विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय वुडबॉल महिला प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ यूनिटी लॉ कॉलेज, रुद्रपुर के तत्वावधान में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के क्रीड़ा प्रांगण में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर के प्राचार्य प्रो. ए.एन. सिंह तथा यूनिटी लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कुंदन राठौर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
प्रतियोगिता संयोजक डॉ. नागेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता में कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की महिला टीमों ने भाग लिया। इनमें राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी, डी.एस.बी. परिसर नैनीताल तथा आई.एम.टी. कॉलेज काशीपुर की टीमें शामिल रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान टीम, सिंगल एवं डबल्स इवेंट का आयोजन किया गया। टीम इवेंट में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डी.एस.बी. परिसर नैनीताल की टीम द्वितीय स्थान पर रही। सिंगल इवेंट में रुद्रपुर प्रथम तथा हल्द्वानी द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं डबल्स इवेंट में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर एवं आई.एम.टी. कॉलेज काशीपुर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे।
समग्र प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर विजेता एवं डी.एस.बी. परिसर नैनीताल उपविजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका लोकेश पांडे, योगेश पाण्डेय, प्रगति दुमका एवं श्वेता भाकुनी ने निभाई।
प्रतियोगिता का समापन समारोह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर के प्राचार्य प्रो. ए.एन. सिंह एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर किया गया। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के आधार पर चयनित टीम आगामी 23 से 27 फरवरी 2026 तक मध्यांचल यूनिवर्सिटी, भोपाल में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय वुडबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
कार्यक्रम में डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. दीपक गुप्ता, डॉ. सर्वजीत, डॉ. उमेश जोशी, डॉ. पवन कुमार, अनीता बोरा सहित छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कमल चंद्र जोशी, अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष चेतन भट्ट एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




