नशे के इंजेक्शन को लेकर हुआ था विवाद, पैसों के लालच में गला घोंटकर की हत्या; गटर में छिपाया शव
खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद में खटीमा पुलिस ने एक लापता युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए उसके ही दोस्त को गिरफ्तार किया है। गुमशुदगी के मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने हत्या की वारदात उजागर हुई। पुलिस के अनुसार, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद और पैसों के लालच में आरोपी ने अपने दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को गटर में छिपा दिया था, जिससे वारदात का पता न चल सके। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का शव और हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद कर लिया है। इसके अलावा मृतक से लूटी गई नकदी भी पुलिस ने बरामद की है।
मामले में कोतवाली खटीमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इस हत्याकांड के खुलासे के बाद एक बार फिर दोस्ती के रिश्ते को कलंकित करने वाली वारदात सामने आई है। जिस व्यक्ति पर भरोसा किया, उसी ने कथित तौर पर पैसों के लालच में युवक की जान ले ली।
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध कितना भी शातिराना तरीके से क्यों न किया जाए, कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं है।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | रुद्रपुर

