आपने अक्सर ये सुना होगा कि महान लोगों उनके काम को लोग भूल जाते हैं लेकिन क्या कभी आपने ये सुना है कि लोग देवताओं की पूजा ही नहीं उनके नाम तक भूल जाएं. जी हां ऐसा हुआ है कि लोग देवताओं को भूल गए और उनके नाम अब केवल इतिहास के ग्रंथों में ही दर्ज हैं.

Spread the love

धर्म के इतिहास पर शोध करने वाले विद्वानों का मानना है कि इन देवताओं का गायब होना अचानक नहीं था, बल्कि पूजा-पद्धतियों, सामाजिक संरचना और दार्शनिक प्रवृत्तियों में बदलाव का परिणाम रहा है. “वैदिक देवताओं की प्रासंगिकता उस समय की सामाजिक जरूरतों से जुड़ी थी. जब समाज बदला, तो धार्मिक प्राथमिकताएं भी बदल गईं. तो चलिए जानें कौन से हैं वो देवता जो अब ग्रंथों तक सिमट गए हैं.

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)

इंद्र: स्वर्ग के शासक से पौराणिक पात्र तक

वैदिक ग्रंथों में इंद्र को वर्षा, युद्ध और विजय के देवता के रूप में सर्वोच्च स्थान प्राप्त है. एक समय वह राजाओं और योद्धाओं के लिए वे शक्ति और संरक्षण के प्रतीक थे. ऋग्वेद में उनका उल्लेख बार-बार आता है, विशेषकर वृत्र-वध की कथा में जहां वे वर्षा का मार्ग खोलते हैं. यह कथा कृषि-आधारित समाज के लिए जीवन-मरण का प्रश्न थी. लेकिन जैसे-जैसे भक्ति आंदोलन ने विष्णु और शिव को केंद्र में ला दिया इंद्र की भूमिका धीरे-धीरे सीमित होती गई.आज वे कथाओं में मौजूद हैं पर जन-भक्ति का केंद्र नहीं.

अग्नि: हर घर की ज्वाला से प्रतीकात्मक उपस्थिति तक

अग्नि वैदिक यज्ञों का मूल थे. उन्हें देवताओं और मनुष्यों के बीच संदेशवाहक माना जाता था. विवाह, यज्ञ और अंतिम संस्कार-हर संस्कार में अग्नि अनिवार्य थे.समय के साथ जब मंदिर-आधारित पूजा-पद्धति प्रचलित हुई और मूर्ति-आराधना प्रमुख बनी, तो अग्नि की भूमिका अनुष्ठानिक दायरे में सिमट गई.आज भी अग्नि मौजूद हैं, लेकिन वैदिक काल जैसी केंद्रीय भूमिका नहीं. वे एक परंपरा का हिस्सा हैं, न कि व्यापक भक्ति-आंदोलन का चेहरा.

वरुण: नैतिक व्यवस्था के संरक्षक की फीकी पड़ती पहचान

वरुण को ब्रह्मांडीय व्यवस्था और जल के देवता के रूप में जाना जाता था. वे ‘ऋत’-सार्वभौमिक सत्य और नियम-के रक्षक माने जाते थे.समुद्री यात्राओं और व्यापार के दौर में उनका महत्व व्यावहारिक भी था. लेकिन जैसे-जैसे विष्णु जैसे देवताओं के स्वरूप में संरक्षण और व्यवस्था के गुण समाहित हुए, वरुण की स्वतंत्र पहचान कम होती गई.आज वे धार्मिक विमर्श में संदर्भित होते हैं, पर व्यापक पूजा-पद्धति का हिस्सा नहीं हैं.

मित्र: सामाजिक विश्वास का प्रतीक, जो इतिहास में रह गया

मित्र को संधि, मित्रता और सामाजिक अनुबंध का देवता माना जाता था. उनका नाम ही भरोसे और सामंजस्य का प्रतीक था.कृषि और व्यापार आधारित समाज में सामाजिक विश्वास की अहमियत थी, इसलिए उनकी पूजा का व्यावहारिक आधार भी मजबूत था.समाज के बदलते ढांचे और अन्य देवताओं के गुणों के विस्तार के साथ मित्र की अलग पहचान धीरे-धीरे धुंधली पड़ गई. उनका उल्लेख शास्त्रों में है, पर उनके मंदिर या व्यापक पूजा परंपरा अब दिखाई नहीं देती.

क्या ये देवता सचमुच खो गए हैं या कुछ और है वजह?

इतिहास बताता है कि धार्मिक परिवर्तन विनाश नहीं, बल्कि रूपांतरण की प्रक्रिया है. वैदिक देवताओं का महत्व कम हुआ, लेकिन वे भारतीय सांस्कृतिक स्मृति से पूरी तरह गायब नहीं हुए.आज वे ग्रंथों, अनुष्ठानों और अकादमिक शोध का हिस्सा हैं. यह बदलाव बताता है कि आस्था स्थिर नहीं होती. वह समाज के साथ विकसित होती है.

धर्म-इतिहास के शोधकर्ता मानते हैं कि इन देवताओं को समझना भारत की बौद्धिक और सांस्कृतिक यात्रा को समझने जैसा है जहां हर युग अपनी आस्था खुद गढ़ता है.✧ धार्मिक और अध्यात्मिक


Spread the love