

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मामले में फरार चल रहे सात अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी कर दिए गए हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
बीते 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई थी। इस घटना में बीटेक का छात्र दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान सात अन्य आरोपितों की पहचान हुई, जो घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस लगातार उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, जिसमें गैर-प्रांतीय इलाकों में भी टीमें भेजी गई हैं।
कोर्ट से गैर-जमानती वारंट
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने कोर्ट से गैर-जमानती वारंट हासिल किए हैं। साथ ही एसएसपी ने सभी सातों अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है, ताकि आमजन की मदद से भी उनकी गिरफ्तारी हो सके। इनामी आरोपितों में ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्जवल सिंह, अंकुर, आदित्यराज, विनीत राज और प्रहलाद राज शामिल हैं। सभी आरोपी मूल रूप से बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं और वर्तमान में प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव व आसपास के इलाकों में रह रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी हाल में आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दून पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि इन फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा पूरी तरह से किया।




