

खटीमा/देहरादून। आज यानी 9 अप्रैल 2026 से ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में वीवीआईपी दौरों की श्रृंखला शुरू हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्री और विभिन्न आयोगों के अध्यक्षों के कार्यक्रमों के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज खटीमा दौरे पर रहेंगे। वह सुबह देहरादून से हेलीकॉप्टर द्वारा लोहियाहेड हैलीपैड पहुंचेंगे और इसके बाद खेतलसंडा स्थित सीएसडी कैंटीन में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर में देहरादून लौटेंगे।
इसी कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा भी शामिल होंगे। वे पंतनगर से प्रस्थान कर खटीमा पहुंचेंगे और सैनिक सम्मान समारोह में प्रतिभाग करेंगे।
उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार भी आज खटीमा में आयोजित इस समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद उनका हरिद्वार के लिए प्रस्थान प्रस्तावित है।
वहीं, उत्तराखण्ड अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष लीलावती राणा का भ्रमण कार्यक्रम भी आज से सक्रिय हो गया है। आज खटीमा में जनजातीय समुदाय के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय समस्याओं और योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों में उपस्थित रहने और सुरक्षा, यातायात व अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। एक ही दिन में कई उच्चस्तरीय कार्यक्रमों के चलते खटीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
आज से शुरू हुए इन दौरों के चलते खटीमा राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है, जहां एक ओर सैनिक सम्मान समारोह के माध्यम से सैन्य परंपरा को सम्मान दिया जा रहा है, वहीं सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा।




