हल्द्वानी में किसानों की पहल: पूरे उत्तराखंड के लिए बनेगी बहुउद्देशीय सहकारी समिति

Spread the love


हल्द्वानी, 10 अप्रैल 2026।हल्द्वानी में आज कालाड़ूँगी रोड स्थित कमल कांडपाल के कार्यालय में प्रदेश के कर्मठ किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में किसानों ने उत्तराखंड सहकारिता विभाग के नियमों के अंतर्गत एक बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड के गठन को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूरन चंद्र भट्ट ने उपस्थित किसानों को सहकारिता समिति के उद्देश्य, नियमों और लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पूरे राज्य स्तर पर एक सशक्त किसान संगठन खड़ा करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। प्रस्तावित समिति का कार्यक्षेत्र सम्पूर्ण उत्तराखंड रहेगा।
बैठक में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल सहित विभिन्न जिलों से आए किसानों ने सक्रिय भागीदारी की। इसके अलावा कई किसानों ने फोन के माध्यम से भी अपनी सहमति दर्ज कराई, जिससे इस पहल को व्यापक समर्थन मिलता दिखाई दिया।
समिति के पंजीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक अस्थायी कमेटी का गठन किया गया। इसमें पूरन चंद्र भट्ट को अध्यक्ष, धीरेन्द्र सिंह नेगी को उपाध्यक्ष, ललित पांडे और बसंत पाहुजा को महासचिव, महेन्द्र सिंह बिस्ट को कोषाध्यक्ष, दीप चंद पांडे को उप कोषाध्यक्ष तथा कमल कांडपाल और चन्दन भंडारी को सचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा 16 अन्य सदस्यों को भी समिति में शामिल किया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि अगली बैठक अल्मोड़ा में आयोजित की जाएगी, जिसमें समिति के पंजीकरण की औपचारिक प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
किसानों का मानना है कि यह सहकारी समिति न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि राज्य के कृषि क्षेत्र में सामूहिक विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।


Spread the love