रुद्रपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 10 अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापा, 3 मशीनें सील

Spread the love


रुद्रपुर, 15 अप्रैल 2026कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक बुराई पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने रुद्रपुर में संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की PC-PNDT टीम ने बुधवार को रुद्रपुर ब्लॉक में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


अभियान का नेतृत्व PC-PNDT के नोडल अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह ने किया। टीम में तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी शामिल रहे, जिन्होंने क्षेत्र के 10 प्रमुख अल्ट्रासाउंड और डायग्नोस्टिक केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया।
10 केंद्रों पर छापा, व्यवस्थाओं की गहन जांच
निरीक्षण के दौरान अरोरा हार्ट केयर सेंटर, पंत चिकित्सालय, एच.बी. हॉस्पिटल, संजीवनी हॉस्पिटल, राजकीय पशु चिकित्सालय, अमृत हॉस्पिटल, प्रतिमा अल्ट्रासाउंड सेंटर, आहन अल्ट्रासाउंड सेंटर, कृष्णा हॉस्पिटल और शुभम हॉस्पिटल समेत कुल 10 संस्थानों की जांच की गई। टीम ने दस्तावेजों, रजिस्टरों और आवश्यक डिस्प्ले की बारीकी से पड़ताल की।
3 अल्ट्रासाउंड मशीनें सील
कार्रवाई के दौरान पंत चिकित्सालय और शुभम हॉस्पिटल में एक-एक खराब अल्ट्रासाउंड मशीन पाई गई, जबकि राजकीय पशु चिकित्सालय में एक पोर्टेबल मशीन खराब हालत में मिली। नियमों के उल्लंघन की आशंका के चलते इन तीनों मशीनों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
PCPNDT एक्ट के पालन पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान टीम ने फॉर्म-एफ के रख-रखाव, मरीजों के रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों का मिलान किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि PCPNDT एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ संदेश
स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान न केवल कानून के पालन को सुनिश्चित करने के लिए है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का भी प्रयास है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि अवैध लिंग चयन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।


Spread the love