रुद्रपुर। असम राइफल पूर्वसैनिक कल्याण संघ (अखिल भारतीय) द्वारा आदर्श कॉलोनी स्थित शहीद राम कुमार आर्या पार्क में वीर शहीद राइफलमैन राम कुमार आर्या की पुण्यतिथि पर शहीदी दिवस श्रद्धा, सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने प्रमुख रूप से शिरकत करते हुए शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने भी शहीद के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे वीर जवानों की बदौलत ही देश सुरक्षित है और हम सभी का कर्तव्य है कि उनके परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखें।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए पूर्व सैनिकों और संगठन पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। केरल से असम राइफल पूर्वसैनिक कल्याण संघ के संस्थापक महासचिव वी. टी. नायर, संगठन के कोषाध्यक्ष वी. ए. वेनुगोपालन, केरल राज्य के पदाधिकारी, राजस्थान से वी. जे. थामस तथा हरियाणा से एस. के. दहिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने शहीद राम कुमार आर्या के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने 2 मई 1989 को असम राइफल में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा का मार्ग चुना। प्रशिक्षण के उपरांत मार्च 1990 में उन्हें 7 असम राइफल के साथ जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में तैनात किया गया। 5 मई 1991 को ऑपरेशन रक्षक के तहत चलाए गए काउंटर इंसर्जेंसी अभियान में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। इस दौरान एक छोटी टुकड़ी ने 72 पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया और 13 आतंकियों को जीवित पकड़ा। इसी अभियान में शहीद राम कुमार आर्या ने सर्वोच्च बलिदान देते हुए देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
कार्यक्रम में शहीद की धर्मपत्नी हेमलता देवी ने भी उपस्थित होकर अपने वीर पति को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पार्षद जितेश शर्मा, पार्षद गौरव खुराना, प्रकाश शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हाल्दार, कमांडर नयन सिंह रावत, सूबेदार मेजर खड़ग सिंह कार्की, आर. के. यादव, बद्री सिंह, प्रेम सिंह, एस. के. दहिया, वीनू नैयर, आर. के. राघी, तुलसी नैयर, आधा कृष्णन, एन. एस. बिष्ट, एस. एम. रमेश राम, चंदन राम, विकास बंसल, ललित बिष्ट, आनंद शर्मा, प्रकाश दास, सुरेंद्र गुप्ता, सुनील, ज्योति टम्टा, उमा सरकार, मनोज आर्या सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

