सिडकुल में भारतीय मजदूर संघ के झंडे हटाने पर भड़के श्रमिक, विधायक शिव अरोरा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

Spread the love


रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों के बाहर लगे भारतीय मजदूर संघ के झंडों को हटाए जाने के विरोध में विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ राष्ट्रहित और श्रमिक हित की विचारधारा के साथ कार्य करता है तथा मजदूरों की मेहनत से ही उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिडकुल प्रशासन ने बर्बरतापूर्ण रवैया अपनाते हुए कंपनियों की बाउंड्री के बाहर लगे संघ के झंडों को हटाया, जिससे श्रमिकों की भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंची है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


उन्होंने कहा कि मात्र डेढ़ इंच के पाइप पर लगे झंडों को अतिक्रमण बताना समझ से परे है, जबकि कंपनियों के बाहर लगे बड़े बोर्ड और पार्किंग को अतिक्रमण नहीं माना जा रहा। विधायक ने इसे भारतीय मजदूर संघ के साथ दोहरा रवैया बताते हुए अगले 24 घंटे में समाधान की मांग की।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार हमेशा श्रमिक हितों को प्राथमिकता देती आई है और श्रमिकों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद एडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए, जो मामले का जल्द समाधान निकालेगी।
इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष दीपेंद्र भट्ट, अजीत सिंह, गंगा सिंह, पंकज उपाध्याय, किशोर पंत, संतोष बिष्ट सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।


Spread the love