बागवाला में गरीबों के सपनों को मिला आकार, विधायक शिव अरोरा ने किया प्रधानमंत्री आवास योजना का स्थलीय निरीक्षण

Spread the love


रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बागवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन 1872 आवासीय भवन अब अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन और उनकी टीम के साथ निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वर्ष 2023 में उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को स्वीकृति दी थी। इसके बाद जिला विकास प्राधिकरण को बागवाला क्षेत्र में योजना विकसित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा बागवाला की भूमि को योजना के लिए सबसे उपयुक्त माना गया, जिसके बाद भूमि हस्तांतरण समेत सभी प्रक्रियाएं पूरी कर रिकॉर्ड ढाई वर्ष के भीतर इस विशाल परियोजना को लगभग पूर्ण कर लिया गया।
विधायक ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने निर्माणाधीन आवासीय ब्लॉकों का निरीक्षण करते हुए पार्क, पार्किंग, फायर सेफ्टी पाइपलाइन, अंडरग्राउंड वायरिंग, एसटीपी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट सहित अन्य आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि योजना में प्रत्येक आवास में एक बेडरूम, किचन, बालकनी, हॉल, अलग शौचालय और बाथरूम की सुविधा दी गई है।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इन मकानों के निर्माण में ईंट का उपयोग नहीं किया गया है, बल्कि पूरी संरचना कंक्रीट और सरिया से तैयार की गई है, जिससे सीलन और नमी जैसी समस्याएं नहीं होंगी। साथ ही भवनों का निर्माण भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित तरीके से किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 1872 आवासों का चरणबद्ध तरीके से पूर्ण पारदर्शिता के साथ लॉटरी प्रणाली से आवंटन किया जा चुका है। कुछ ब्लॉकों में फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है, जो शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद रमपुरा जैसी बस्तियों में रहने वाले अति निर्धन परिवारों को उनके सपनों का पक्का आशियाना सौंपा जाएगा। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा एक भव्य कार्यक्रम में लाभार्थियों को मकानों की चाबियां प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि लगभग छह लाख रुपये की लागत से तैयार इन आवासों के लिए लाभार्थियों को मात्र पांच हजार रुपये शुल्क देना होगा। केंद्र सरकार की ओर से तीन लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी, जबकि शेष राशि आसान बैंक ऋण और किस्तों के माध्यम से जमा की जाएगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि 1872 परिवारों को एक साथ पक्का घर मिलना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सामान्य व्यक्ति के लिए घर बनाना कठिन कार्य है, लेकिन मोदी सरकार ने गरीबों को सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कम समय में इतनी आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस योजना का पूरा होना रुद्रपुर के इतिहास में एक कीर्तिमान है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के पास से गुजर रही रिंग रोड का रिकॉर्ड समय में पूरा होना भी सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
इस अवसर पर जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जयकिशन, बागवाला झील ग्राम प्रधान पति प्रमोद कुमार, भगवानपुर प्रधान विनीत सोलंकी, मटकोटा धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, अजय वर्मा, अजीत सोलंकी, राजीव शुक्ला, कुलदीप चंद्र, राजेश तिवारी, सुनील सिंह, मयंक कक्कड़, डंम्पी चोपड़ा, नीरज यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।


Spread the love