रूद्रपुर, 22 मई 2026 (सू.वि.)। केंद्र सरकार की योजना के तहत विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में रूद्रपुर मण्डल में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। यह जानकारी नोडल इंजीनियर इनचार्ज स्मार्ट मीटरिंग एवं अधिशासी अभियंता, विद्युत परीक्षण खण्ड रूद्रपुर ने दी।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
उन्होंने बताया कि संचार नेटवर्क वाले क्षेत्रों में सभी विद्युत उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा और भारतीय मानकों के अनुरूप स्मार्ट मीटर से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जानी है। इसके तहत रूद्रपुर मण्डल में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य दो चरणों में किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार प्रथम चरण में 25 मई से खेड़ा क्षेत्र में कार्य शुरू होगा। इसके बाद 28 मई को पहाड़गंज, 30 मई को भूत बंगला, 03 जून को सेठिया मेन मार्केट तथा 05 जून को प्रीत विहार में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
वहीं दूसरे चरण में 08 जून को रम्पुरा, 11 जून को आवास विकास, 15 जून को ट्रांजिट कैम्प, 18 जून को जय नगर तथा 22 जून को छत्तरपुर गांव में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बिजली खपत की सटीक जानकारी मिलेगी तथा विद्युत वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनेगी। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनहित में किया जा रहा है, जिससे भविष्य में विद्युत सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने स्मार्ट मीटर स्थापना के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा कार्य को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन और आम जनता से सहयोग की अपील भी की है।
