रूद्रपुर। आगामी बकरीद पर्व को लेकर शहर में कानून व्यवस्था, स्वच्छता और जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न हिंदू संगठनों ने नगर महापौर विकास शर्मा से सख्त कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने महापौर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए खुले में पशु बलि, सार्वजनिक स्थानों पर मांस काटने तथा पशुओं के अवशेष और खून नालियों में बहाए जाने पर रोक लगाने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बकरीद के दौरान कई स्थानों पर खुलेआम पशु बलि और अवशेषों के खुले में फेंके जाने से न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आमजन की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि इससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है। संगठनों ने प्रशासन से मांग की कि नगर निगम, पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर पशु बलि और अवशेष फेंकने पर रोक संबंधी निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कई स्थानों पर इनका पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर निगम कानून व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों का पूरी सख्ती से पालन कराया जाएगा और जल्द ही इस संबंध में विस्तृत एसओपी जारी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले में मांस काटने, पशु अवशेषों के निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को लेकर दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।
महापौर से मिलने वालों में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, जिला धर्म प्रसार प्रमुख सुलतान, प्रखंड मंत्री सुदेव दास गुप्ता, प्रखंड संयोजक प्रिंस कोली, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप मिश्रा, छात्र नेता चंदन भट्ट, अभिषेक दास गुप्ता, आशीष यादव और अभिनव चंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
