रुद्रपुर, 12 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद विकास, जनकल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों का साक्षी बना है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकासात्मक पहलों का लाभ जनपद के लाखों नागरिकों तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जनपद में 10.78 लाख से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 10.74 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 3,450 और शहरी क्षेत्र में 7,040 आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से 1.95 लाख से अधिक घरों तक नल से जल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 97 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 92 हजार से अधिक लोगों को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 1.03 लाख महिलाओं को लाभ मिला है, जबकि उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 हजार से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
पीएम-जनमन अभियान में देश में पहला स्थान
जनजातीय समुदायों के विकास के लिए संचालित प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत ऊधम सिंह नगर को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जिलाधिकारी ने इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए केंद्र सरकार की जनजातीय कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली नई मजबूती
स्वास्थ्य क्षेत्र में रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण किया जा चुका है। साथ ही लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पंतनगर एयरपोर्ट बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का
पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के विकास के लिए 524.78 एकड़ भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में व्यापार, निवेश, पर्यटन और हवाई संपर्क को नई गति मिलेगी।
सड़क संपर्क में बड़ा सुधार
जनपद में 20.64 किलोमीटर लंबे रुद्रपुर रिंग रोड एवं बाईपास का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं काशीपुर बाईपास, गदरपुर बाईपास और खटीमा बाईपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत बनाने के साथ-साथ यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएंगी।
शिक्षा और उद्योग को भी मिली नई दिशा
बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आवासीय विद्यालयों के भवन और छात्रावासों का निर्माण किया गया है, जिससे जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है।
औद्योगिक विकास के क्षेत्र में खुरपिया-किच्छा में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। इस परियोजना से भविष्य में लगभग 75 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त सितारगंज में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क तथा काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का विकास भी औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देगा।
पूर्व सैनिकों को मिली सुविधा
खटीमा में लगभग 7.15 करोड़ रुपये की लागत से सीएसडी कैंटीन भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर में विकास और जनकल्याण की नई इबारत लिखी गई है। जनपद की ये उपलब्धियां विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं और आने वाले वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी।
