वार्ड 20 और 36 में करोड़ों की विकास योजनाओं का शुभारंभ
जनता तक पहुंचेगा विकास का लाभ, विकास कार्यों में नहीं आएगी कोई कमी: महापौर
सड़क, नाली और पार्क सौंदर्यीकरण कार्यों की रखी गई आधारशिला
ट्रिपल इंजन सरकार में तेजी से हो रहा रुद्रपुर का विकास: विकास शर्मा
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड।
रुद्रपुर महापौर ने वार्ड 20 में सड़क-नाली और वार्ड 36 में शहीद राम कुमार आर्या पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का किया शिलान्यास
रुद्रपुर। शहर के विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर विकास शर्मा ने विभिन्न वार्डों में लाखों रुपये की विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। वार्ड नंबर 20 भूतबंगला में पार्षद परवेज कुरैशी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने कदीर खान के मकान से अफसर के मकान तक 13 लाख रुपये तथा सईद के मकान से शकील के मकान तक 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सीसी सड़कों एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
वहीं वार्ड नंबर 36 में पार्षद जितेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने वार्डवासियों की मौजूदगी में शहीद राम कुमार आर्या पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने महापौर का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और विकासपरक सोच के चलते रुद्रपुर में विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार में विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। शहर में बेहतर आवागमन के लिए सड़क कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है तथा पुरानी सड़कों के सुधार के साथ नई सड़कों का निर्माण भी किया जा रहा है।
महापौर ने बताया कि जल्द ही भूरारानी रोड और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा। साथ ही अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी मार्ग को जोड़ने वाले मिनी बाईपास को भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से स्वीकृति मिल चुकी है।
जलभराव की समस्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को स्थायी रूप से जलभराव से मुक्त करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। बरसात से पहले नाले-नालियों की तलीझाड़ सफाई कराई जा रही है। शहर के ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए करीब 300 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट शासन को भेजा गया है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम अब केवल सफाई और सड़क-नाली निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि बहुआयामी संस्था के रूप में जनता को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। निगम द्वारा संचालित आठ मोहल्ला क्लीनिकों में एमबीबीएस डॉक्टरों की देखरेख में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं। साथ ही नगर निगम परिसर में समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, बिजली विभाग, सीएससी सेंटर और आधार सेंटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करने के लिए त्रिशूल चौक की स्थापना की गई है तथा जल्द ही डमरू चौक भी अस्तित्व में आएगा। भविष्य में शिव कॉरिडोर की परिकल्पना को भी साकार किया जाएगा।
इस अवसर पर वाल्मीकि मंदिर भूतबंगला के संरक्षक प्रेम सिंह वाल्मीकि, गब्बर वाल्मीकि, सुशील वाल्मीकि, रंजीत वाल्मीकि, अरुण वाल्मीकि, राजू पहलवान, विक्की वाल्मीकि, बिट्टू शर्मा, अरुण कुमार, सूरज वाल्मीकि, सुशील कुमार, राहुल, राजकुमार, कुंदन वाल्मीकि, वार्ड 20 एवं वार्ड 36 के अनेक गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
