मसवासी। करवाचौथ की खरीदारी करने बाजार गई एक नवविवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वह अपनी जेठानी को भी साथ ले गई। परिजनों ने दोनों महिलाओं पर घर से पांच हजार रुपये की नकदी और जेवर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
जानकारी के अनुसार, नगर निवासी एक युवक का विवाह महज 11 दिन पहले बहजोई क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। युवक के मुताबिक, मंगलवार देर शाम वह अपनी पत्नी और भाभी के साथ करवाचौथ की खरीदारी करने बाजार गया था। इसी दौरान पत्नी ने सिरदर्द की दवा लाने के बहाने उसे मेडिकल स्टोर भेज दिया।
आरोप है कि युवक के वहां से जाने के बाद नवविवाहिता अपनी जेठानी को साथ लेकर चली गई। जब युवक वापस लौटा तो दोनों महिलाओं को मौके पर नहीं पाकर हैरान रह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों महिलाएं एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर गई थीं। परिजनों ने आशंका जताई है कि नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ फरार हुई है।
बताया गया है कि युवक के बड़े भाई का विवाह भी करीब छह महीने पहले बिहार में हुआ था। दोनों महिलाओं के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। करवाचौथ पर्व को लेकर की गई तैयारियां भी अधूरी रह गईं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह के अनुसार, मामले में तहरीर मिली है। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
