लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

Spread the love


लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कई छात्रों की जान चली गई, जबकि अनेक अन्य घायल हुए हैं। आग इतनी भयावह थी कि जान बचाने के लिए कुछ छात्रों को ऊपरी मंजिलों से कूदने तक को मजबूर होना पड़ा। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

यह हादसा  एक दुर्घटना के साथ साथ शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर कमी की ओर इशारा करता है। सवाल यह है कि जिन भवनों में प्रतिदिन सैकड़ों छात्र पढ़ने आते हैं, वहां अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास द्वार, धुआं अलार्म और नियमित सुरक्षा जांच जैसी मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं सुनिश्चित की जातीं? पूर्व में भी लखनऊ के कई कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों की कमी को लेकर चेतावनियां दी गई थीं।

बच्चों और युवाओं की सुरक्षा किसी भी व्यवस्था की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। हर स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सार्वजनिक भवन में फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन, नियमित मॉक ड्रिल और सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों की पुनरावृत्ति न हो।
इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले सभी छात्रों एवं अन्य मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।


Spread the love