शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये आरोपी एक कारोबारी परिवार से जुड़ी रंगदारी और अपहरण की साजिश में शामिल थे. इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों का फोकस एक बार फिर उस गैंग पर है, जिसे दीपक नांदल विदेश में बैठकर चला रहा है.
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
कौन है गैंगस्टर दीपक नांदल?
हरियाणा का रहने वाला दीपक नांदल का नाम पिछले कुछ वर्षों में रंगदारी, अपहरण, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और हत्या जैसे संगीन मामलों में सामने आया है. पुलिस का दावा है कि दीपक साल 2023 में भारत छोड़कर विदेश भाग गया था और तभी से सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अपने नेटवर्क को देश में ऑपरेट कर रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह समय-समय पर UAE, लंदन और अन्य देशों में एक्टिव रहा है और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहता है.
म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ा था दीपक नांदल
दिलचस्प बात यह है कि अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले दीपक नांदल हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ था. वह म्यूजिक प्रोड्यूसर और रैपर के तौर पर एक्टिव था. इतना ही नहीं ऐसा दावा है कि उसने हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया और रैपर बादशाह के साथ भी काम कर चुका है. बाद में उसका नाम कई आपराधिक मामलों से जुड़ता चला गया और वह अपराध जगत का चर्चित चेहरा बन गया.
कैसे खड़ा किया अपराध का नेटवर्क?
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दीपक नांदल ने शुरुआत अवैध हथियारों की तस्करी और स्थानीय विवादों से की थी. धीरे-धीरे उसने दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में बिल्डरों, कारोबारियों, उद्योगपतियों, फैशन डिजाइनरों और अन्य रईस लोगों को निशाना बनाकर रंगदारी का नेटवर्क खड़ा किया. जांच एजेंसियों का कहना है कि गैंग सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की भर्ती करता है. उन्हें पैसों का लालच देकर फायरिंग, धमकी और वसूली जैसी वारदातों में इस्तेमाल किया जाता है.
सोशल मीडिया पर करता है दावा
राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले और बाद में उनके अकाउंटेंट रोहित शौकीन की हत्या के मामले में भी दीपक नांदल का नाम चर्चा में आया था. सोशल मीडिया पर वायरल कुछ पोस्ट में इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया था कि उन पोस्टों की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.
