रुद्रपुर की विकास राजनीति को मिला नया संदेश, महेंद्र भट्ट और कुंदन सिंह परिहार की पहल से शिव अरोड़ा–विकास शर्मा एक मंच पर

Spread the love


रुद्रपुर की विकास राजनीति को मिला नया संदेश, महेंद्र भट्ट और कुंदन सिंह परिहार की पहल से शिव अरोड़ा–विकास शर्मा एक मंच पर
विकास कार्यों की श्रेय की प्रतिस्पर्धा ने शहर को दी नई पहचान, अब समन्वय के साथ और तेज होगी विकास की रफ्तार
रुद्रपुर की राजनीति में पिछले लंबे समय से विधायक शिव अरोड़ा और मेयर विकास शर्मा के बीच विकास कार्यों को लेकर श्रेय लेने की चर्चा बनी रही। शहर में शुरू होने वाले अनेक विकास कार्यों पर अलग-अलग प्रेस वार्ताएं और कार्यक्रम आयोजित हुए। कई बार एक ही परियोजना को लेकर दोनों पक्षों की सक्रियता चर्चा का विषय बनी। राजनीतिक दृष्टि से यह प्रतिस्पर्धा रही, मगर इसका सकारात्मक पक्ष यह रहा कि रुद्रपुर लगातार विकास की सुर्खियों में बना रहा और हर योजना को व्यापक प्रचार मिला।
रुद्रपुर में मास्टर ड्रेनेज योजना, सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण, पार्क, चौराहों का विकास, स्मार्ट सुविधाएं, प्रवेश द्वार सहित अनेक परियोजनाओं को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों की सक्रियता दिखाई दी। विकास कार्यों की लगातार समीक्षा और प्रचार-प्रसार से जनता तक योजनाओं की जानकारी भी पहुंची।
अब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार की मौजूदगी में देहरादून में दोनों नेताओं की एक साथ हुई बैठक को संगठनात्मक समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि संगठन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि व्यक्तिगत श्रेय से ऊपर पार्टी और जनता का हित सर्वोपरि है।
इस समन्वय का असर भी दिखाई देने लगा है। रुद्रपुर में प्रस्तावित भव्य प्रवेश द्वार पर विधायक शिव अरोड़ा और मेयर विकास शर्मा, दोनों के नाम अंकित किए जाने को राजनीतिक हलकों में एकता और सामूहिक नेतृत्व के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। यह संकेत है कि भविष्य में विकास कार्यों को लेकर साझा प्रयास और बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा।
रुद्रपुर की जनता की अपेक्षा भी यही है कि विकास की गति और तेज हो तथा जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ शहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। यदि यही भावना आगे भी कायम रहती है, तो रुद्रपुर विकास के साथ-साथ राजनीतिक सौहार्द का भी एक सकारात्मक उदाहरण बन सकता है।


Spread the love