हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स की खबर का असर: कल्याणी नदी पर चेतावनी के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय, आपदा बचाव उपकरणों का किया गया आवंटन

Spread the love


रुद्रपुर।जनपद ऊधम सिंह नगर में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने विभिन्न तहसीलों, एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों का आवंटन किया। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब मानसून के दौरान बाढ़ और जलभराव की आशंका लगातार बनी हुई है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


उल्लेखनीय है कि हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स ने हाल ही में संपादक अवतार सिंह बिष्ट द्वारा कल्याणी नदी के तट से ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित कर प्रशासन और आमजन को संभावित खतरे के प्रति समय रहते सतर्क रहने का संदेश दिया था। रिपोर्ट में नदी की वर्तमान स्थिति के साथ भारी वर्षा होने पर उत्पन्न होने वाले संभावित जोखिमों को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल सामने आई है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज एवं खटीमा तहसीलों के साथ एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग को मिनी ड्रोन कैमरा, राफ्ट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाइट, मेगाफोन, रेस्क्यू थ्रो बैग, बैटरी एवं पेट्रोल संचालित कटर, गैस डिटेक्टर, फुल फेस मास्क, रेस्पिरेटर (गैस मास्क) सहित कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि इन उपकरणों से बाढ़, जलभराव, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना, गैस रिसाव और अन्य आपदाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी राहत और बचाव कार्यों में मदद मिलेगी तथा आपदा की स्थिति में आमजन तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया, एसडीआरएफ टीम प्रभारी अर्जुन बिष्ट, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न तहसीलों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है। कल्याणी नदी को लेकर प्रकाशित ग्राउंड रिपोर्ट ने समय रहते आपदा तैयारियों की आवश्यकता को रेखांकित किया था, और प्रशासन की यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


Spread the love