हल्द्वानी। नैनीताल जिले के गौलापार क्षेत्र के मानपुर पश्चिम गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। बेसमेंट में बनी पानी की टंकी का लेंटर खोलने के दौरान टंकी के भीतर जमा जहरीली गैस के संपर्क में आने से मां और उनके दो बेटों का दम घुट गया।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सरस्वती देवी, उनके बड़े बेटे 40 वर्षीय धर्मेंद्र बिष्ट तथा छोटे बेटे खुशाल बिष्ट के रूप में हुई है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
बताया जा रहा है कि पानी की टंकी का ढक्कन खोलने के दौरान एक सदस्य अंदर गया और बेहोश हो गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दो सदस्य भी टंकी के भीतर या उसके मुहाने तक पहुंचे, जहां जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों अचेत हो गए।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में तीनों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि लंबे समय से बंद टंकी में जहरीली गैस जमा होने के कारण यह हादसा हुआ।
इस दर्दनाक घटना से मानपुर पश्चिम गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
