रुद्रपुर/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कुल 1967 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित 15 जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित जल निकासी योजनाओं के लिए 1960 करोड़ रुपये का है। इन योजनाओं के लागू होने से शहरों में जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में प्रभावी सुधार आएगा।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले के टनकपुर स्थित खेतखेड़ा गांव को शारदा नदी के कटाव एवं बाढ़ के खतरे से सुरक्षित करने के लिए 6.82 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा योजना को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत नदी के दाहिने किनारे पर सुरक्षा कार्य किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों की आबादी और कृषि भूमि को संरक्षण मिलेगा।
ऊधम सिंह नगर जिले में भी विकास कार्यों को गति देते हुए जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित चकबंदी कार्यालय के सामने स्टाफ कार पार्किंग निर्माण के लिए 70.21 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में 42.12 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। पार्किंग का निर्माण इंटरलॉकिंग टाइल्स से किया जाएगा।
रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह नगर में पार्किंग निर्माण की स्वीकृति से सरकारी कार्यालयों में आने वाले कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। विधायक ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में आधुनिक और व्यवस्थित आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि प्रदेशवासियों को इन योजनाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।
