कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत उत्तराखंड में पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शनिवार को हल्द्वानी दौरे से दो दिन बहुप्रतीक्षित प्रदेश कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है।


धीरेंद्र प्रताप बोले— कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी चुनावी एकजुटता का संदेश
देहरादून। कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के बाद वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने इसे विधानसभा चुनाव 2027 की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने जारी बयान में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में घोषित नई कार्यकारिणी से स्पष्ट है कि कांग्रेस हाईकमान ने सभी वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न गुटों को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति अपनाई है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि 168 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेशभर के अनुभवी और युवा नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। एक कोषाध्यक्ष, 24 उपाध्यक्ष, 36 महामंत्री और 107 सचिवों की नियुक्ति संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में सहायक होगी।
उन्होंने कहा कि 41 सदस्यीय कार्यकारी समिति के साथ घोषणापत्र समिति, अनुशासन समिति, एसआईआर समिति और आरोपपत्र समिति का गठन संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदीप टम्टा, नवप्रभात, वैभव वालिया सहित विभिन्न नेताओं को जिम्मेदारी देकर पार्टी ने समावेशी संदेश दिया है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हल्द्वानी दौरे से पहले कार्यकारिणी की घोषणा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेगी। उनके अनुसार कांग्रेस अब पूरी तरह चुनावी मोड में है और संगठन की मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि एकजुट संगठन के बल पर कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

Advertisement