रुद्रपुर। श्याम होम्स कॉलोनी के 18 मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रविवार का दिन खुशियों और राहत का संदेश लेकर आया। लंबे समय से अपने आशियाने को लेकर चिंता में रहे कॉलोनीवासियों ने घर सुरक्षित होने की खुशी में विधायक शिव अरोरा का भव्य स्वागत किया और उन्हें लड्डुओं में तौलकर आभार जताया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के चेहरों पर खुशी की रौनक दिखाई दी, जबकि कई परिवार भावुक नजर आए।
करीब एक वर्ष पूर्व न्यायालय के आदेश के बाद इन परिवारों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की आशंका से परिवारों में चिंता का माहौल बन गया था। जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर बनाए गए घरों को बचाने के लिए कॉलोनीवासियों ने विधायक शिव अरोरा से गुहार लगाई थी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और जिला प्रशासन से लगातार वार्ता कर परिवारों का पक्ष मजबूती से रखा।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
विधायक के प्रयासों और जिला प्रशासन के सहयोग से श्याम होम्स कॉलोनी के सभी 18 परिवारों के आशियाने सुरक्षित हो गए। घर सुरक्षित होने की खुशी में कॉलोनीवासियों ने माता का जागरण और सम्मान समारोह आयोजित किया।
विधायक शिव अरोरा के कॉलोनी पहुंचते ही लोगों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। खुशी से उत्साहित कॉलोनीवासियों ने विधायक को लड्डुओं में तौला। इस दौरान लोगों ने जमकर नृत्य किया और विधायक शिव अरोरा भी परिवारों की खुशी में शामिल होकर उनके साथ थिरके।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि इन परिवारों के पास मकानों की रजिस्ट्री, बिजली के बिल और हाउसिंग लोन से जुड़े दस्तावेज मौजूद थे। बुलडोजर कार्रवाई की स्थिति ने परिवारों को गहरे तनाव में डाल दिया था। बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हुई और घरों में चूल्हे जलना मुश्किल हो गया था। ऐसे समय में उनकी पीड़ा को अपनी जिम्मेदारी मानकर उन्होंने प्रशासन के समक्ष लगातार मामला उठाया।
उन्होंने कहा कि “श्याम होम्स कॉलोनी के 18 परिवारों के घर बचाना मेरे लिए केवल उपलब्धि का विषय नहीं, मानवीय जिम्मेदारी थी। इन परिवारों ने अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर घर बनाए हैं। किसी परिवार के सिर से आशियाना छिनने का दर्द समझते हुए मैंने इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया।”
विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित जिला प्रशासन के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और ईमानदार प्रयासों से सकारात्मक समाधान सामने आता है। आज परिवारों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी ही इस प्रयास की सबसे बड़ी सफलता है।
उन्होंने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवार के लिए मकान केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं होता। उसमें वर्षों की मेहनत, परिवार के सपने और बच्चों का भविष्य जुड़ा होता है। ऐसे परिवारों के आशियाने सुरक्षित रहना उनकी प्राथमिकता थी। जनता की समस्या को अपनी समस्या मानकर क्षेत्रहित में लगातार कार्य करना उनका संकल्प है।
कॉलोनीवासियों ने कहा कि संकट के समय विधायक शिव अरोरा ने उनका साथ दिया। आज उनके घरों में फिर से खुशियां लौटी हैं और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान है।
इस अवसर पर कुमार राजेंद्र, लक्ष्मीकांत शुक्ला, प्रभु दयाल शर्मा, हरप्रीत सिंह, विपिन चौहान, राजू अधिकारी, गेमंद चौधरी, प्रदीप ठाकुर, दीनानाथ झा, रमित चावला, अमित कक्कड़, सचिन मुंजल, कार्तिक कक्कड़, वीरेंद्र सीडाना सहित कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
