रुद्रपुर, 27 सितंबर। उधम सिंह नगर जिले में पिछले 24 घंटे से बारिश का दौर जारी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) की सुबह 8 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले की सभी तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में 100 मिमी से अधिक वर्षा हुई है। हालांकि, फिलहाल जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है और सभी को सामान्य स्थिति में बताया गया है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
पिछले 24 घंटे में किच्छा में सर्वाधिक 137 मिमी, जसपुर में 135 मिमी, काशीपुर में 133 मिमी, गदरपुर में 115 मिमी, बाजपुर में 106 मिमी, रुद्रपुर में 105 मिमी, खटीमा में 102 मिमी और सितारगंज में 86 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सुबह 9 बजे की तहसीलवार रिपोर्ट के अनुसार जसपुर और काशीपुर में मध्यम बारिश, बाजपुर और गदरपुर में हल्की बारिश, रुद्रपुर में लगातार मध्यम बारिश तथा किच्छा में मध्यम वर्षा हो रही है। सितारगंज और नानकमत्ता में भी हल्की से मध्यम बारिश की सूचना है, जबकि खटीमा में बारिश रुक गई है और आसमान में बादल छाए हुए हैं।
नदियों का जलस्तर सामान्य
जिले की प्रमुख नदियों में फिलहाल किसी के चेतावनी स्तर पार करने की सूचना नहीं है। जगबुड़ा नदी 8,680 क्यूसेक, कैलाश नदी 7,120 क्यूसेक, गौला नदी 7,170 क्यूसेक, देवाहा नदी 9,328 क्यूसेक और सुखी/बेगुल नदी 5,560 क्यूसेक पर है। कल्याणी नदी का जलस्तर 335 क्यूसेक दर्ज किया गया है, जबकि उसका चेतावनी स्तर 2,000 क्यूसेक है।
परवीन नदी 1,560 क्यूसेक पर है और इसका चेतावनी स्तर 2,000 क्यूसेक है। अधिकारियों के अनुसार सभी नदियों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
जलाशयों पर भी निगरानी
बैगुल जलाशय का जलस्तर 683.34 फीट दर्ज हुआ है, जबकि चेतावनी स्तर 683.50 फीट है। नानक सागर का जलस्तर 701.50 फीट और बैगुल से डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 3,052 क्यूसेक दर्ज किया गया। नानक सागर से 4,237 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम छोड़े जाने की सूचना है। अन्य प्रमुख जलाशयों की स्थिति भी सामान्य बताई गई है।
जलभराव की सूचना नहीं
सुबह 9 बजे तक जिले के किसी भी तहसील क्षेत्र में जलभराव की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और प्रमुख संपर्क मार्गों पर यातायात सामान्य एवं सुचारू है। बिजली और पेयजल आपूर्ति भी सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
हालांकि लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन की निगरानी जारी है। नदियों और जलाशयों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के अगले अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | रुद्रपुर
उत्तराखंड, संपूर्ण भारत, देश-विदेश, खेल, आध्यात्मिक, राजनीतिक और जन सरोकारों की खबरें
