उत्तराखंड में भाजपा ने राज्यसभा प्रत्याशी के लिए संभावित नामों का पैनल हाईकमान को भेज दिया। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। सूत्रों के अनुसार 25 नामों में से नौ नामों को फाइनल किया गया है।

Spread the love

जिन नामों पर मुहर नहीं लगी, उन्हें अनुभव और योग्यता के मुताबिक, संगठन में अन्य महत्वपूर्ण दायित्व दिए जा सकते हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री फणीश्वरनाथ शर्मा ने गहन विचार मंथन के बाद दावेदारों का चयन करते हुए हाईकमान को अपनी सहमति से अवगत करा दिया है। अब अंतिम निर्णय हाईकमान के स्तर से जल्द ले लिया जाएगा।

राज्यसभा के लिए इस बार चौंका सकता है नाम

सूत्रों के अनुसार भाजपा इस बार भी राज्यसभा प्रत्याशी के चयन में राजनीतिक रूप से चौंका सकती है। राज्य में भाजपा का प्रचंड बहुमत होने की वजह से राज्यसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है। लिहाजा, आसान जीत देखते हुए इस बार दावेदारों की संख्या भी काफी ज्यादा है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री ने सभी नामों पर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार इन 25 नामों में प्राथमिक स्तर पर नौ नामों की छंटनी की गई है। जिन नामों को इस लिस्ट से हटाया गया है, उनके अनुभव और योग्यता के अनुसार अन्य महत्वपूर्ण दायित्व दिए जा सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार चुनावी साल होने की वजह से राज्यसभा का प्रत्याशी चयन भी काफी महत्वपूर्ण होगा। भाजपा इसलिए जातीय, क्षेत्रीय महत्व के साथ साथ ही महिला, युवा, अल्पसंख्यक पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए ही कदम आगे बढ़ा रही है।

कांग्रेस भी तैयारी में

संख्या बल में कम होने के बावजूद राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा को वॉकओवर देने के मूड में नहीं है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि लोकतंत्र में चुनाव महत्वपूर्ण होता है, संख्या बल नहीं। हाईकमान से राज्यसभा चुनाव में भागीदारी करने के बाबत दिशानिर्देश मांगे गए हैं।

चुनाव 16 अक्टूबर को

राज्यसभा की ताजा सीट सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने की वजह से खाली हो रही है। उनका कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो गया। चुनाव आयोग के नोटिफिकेशन के अनुसार चुनाव 16 अक्टूबर को होगा। उसी दिन मतगणना के बाद नतीजे घोषित होंगे।


Spread the love