हरीश रावत को दिल्ली तलब, यात्रा को लेकर कांग्रेस हाईकमान नाराज!कांग्रेस हाईकमान ने हरीश रावत को दिल्ली तलब, यात्रा को लेकर बढ़ी नाराजगी

उत्तराखंड कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली तलब किया है। कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने रावत को दिल्ली बुलाया है। माना जा रहा है कि उनकी हालिया राजनीतिक गतिविधियों और पार्टी संगठन से अलग आयोजित की जा रही जनसंपर्क यात्रा को लेकर उनसे चर्चा होगी।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


हरीश रावत ने 5 अक्टूबर को जसपुर से हल्द्वानी तक ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ शुरू की। इससे पहले कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने 1 अक्टूबर को रावत को पत्र लिखकर यात्रा को लेकर आपत्ति जताई थी। पत्र में कहा गया था कि कार्यक्रम की जानकारी न तो प्रभारी और न ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से साझा की गई।
इसके बावजूद रावत ने यात्रा रद्द नहीं की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उत्तराखंड के स्वाभिमान के लिए उनका संकल्प मजबूत है और अब रुकना नहीं है। उन्होंने जनता से यात्रा में जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड में बदलाव लाना है और कांग्रेस को सत्ता में वापस लाना है।
पार्टी के भीतर जहां इसे संगठन से अलग गतिविधि माना जा रहा है, वहीं रावत समर्थक इसे कांग्रेस को मजबूत करने वाला जनसंपर्क अभियान बता रहे हैं। चुनाव से पहले यह टकराव कांग्रेस की एकजुटता के लिए बड़ी चुनौती बनता दिखाई दे रहा है।