चम्पावत/खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को चम्पावत, बनबसा और खटीमा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री चम्पावत में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही नागार्जुन पार्क का लोकार्पण, नशा मुक्ति अभियान, खेल सुविधाओं के शुभारम्भ और खिलाड़ियों को सम्मानित करने सहित कई कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर
मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे देहरादून स्थित कैंप कार्यालय से कार द्वारा रवाना होंगे। 10:45 बजे जीटीसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे चम्पावत सर्किट हाउस हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां जनपद की विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा अन्य कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।
इसके बाद दोपहर एक बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर 1:05 बजे नागार्जुन पार्क पहुंचेंगे, जहां पार्क का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 1:40 बजे होटल न्यू तिवारी, बस स्टेशन के निकट पहुंचने के बाद 1:45 से 2:45 बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ भेंट-वार्ता के लिए समय निर्धारित किया गया है।
बनबसा में नशा मुक्ति अभियान को दिखाएंगे हरी झंडी
मुख्यमंत्री दोपहर 3:35 बजे हेलीकॉप्टर से चम्पावत से रवाना होकर 3:50 बजे एनएचपीसी हेलीपैड, बनबसा पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा पाटनी तिराहा पहुंचकर शाम 4:10 बजे रन फॉर नशा मुक्ति अभियान में प्रतिभाग करेंगे। इसी दौरान कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत टाटा योद्धा वाहनों को फ्लैग ऑफ किया जाएगा। कार्यक्रम में नवस्थापित हनुमान जी की मूर्ति का अनावरण तथा सुंदरकांड में भी प्रतिभाग का कार्यक्रम निर्धारित है।
खिलाड़ियों को पुरस्कार और खेल किट वितरित करेंगे
मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे मिनी स्टेडियम, बनबसा पहुंचेंगे। यहां बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं खेल किट वितरित करने का कार्यक्रम भी रखा गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री शाम 5:50 बजे मिनी स्टेडियम से रवाना होकर शाम 6:15 बजे ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र स्थित अपने निजी आवास नगला तराई पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए उनकी सुरक्षा टीम को अग्रिम रूप से भेजे जाने की जानकारी कार्यक्रम में दी गई है। इस दौरे के दौरान चम्पावत में विकास कार्यों, बनबसा में नशा मुक्ति अभियान और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष जोर रहेगा।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड
