उत्तराखंड में दो भीषण सड़क हादसों से मचा हाहाकार, 12 लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल!


टिहरी में खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, आठ की मौत; रुद्रप्रयाग में बोलेरो हाद

से ने छीनी चार जिंदगियां, आठ साल की बच्ची भी घायल
रुद्रपुर से विशेष समाचार प्रसारण | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर


उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिले में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। टिहरी में यात्रियों से भरी बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। वहीं रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र में बोलेरो वाहन खाई में गिरने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाओं में कुल 12 लोगों की जान चली गई।
टिहरी: तेज रफ्तार को लेकर यात्रियों ने ड्राइवर को किया था आगाह!
टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार, शिवपुरी के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जो ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रहे थे।
इस हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसे में घायल बचे यात्री पंकज ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। यात्रियों ने कई बार चालक से बस धीमी गति से चलाने का आग्रह भी किया था। इसके बावजूद हादसा हो गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
एसडीआरएफ और पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला से एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर और शिवपुरी चौकियों का पुलिस बल, फायर सर्विस तथा एंबुलेंस की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं।
रेस्क्यू टीमों ने कठिन परिस्थितियों में खाई से घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। करीब 20 घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पतालों में भर्ती कराया गया। टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
टिहरी बस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए इस जनहानि को अत्यंत दुखद बताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रुद्रप्रयाग: ऊखीमठ में बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत
दूसरी दर्दनाक दुर्घटना रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9:15 बजे कण्डारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप हुई। यहां 10 लोगों को लेकर जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ की ऊखीमठ टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया। इनमें लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा देवी (34) को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। अन्य घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (58) शामिल हैं।
मृतकों की पहचान कुंवर सिंह (80), मदन सिंह (40), सूरज सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) के रूप में हुई है। मृतक ऊखीमठ क्षेत्र के रांसी, दैड़ा और गैढ़ गांवों के निवासी बताए गए हैं।
सड़क सुरक्षा पर फिर खड़े हुए गंभीर सवाल
उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं एक बार फिर यातायात सुरक्षा, वाहन चालकों की जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। टिहरी हादसे में यात्री द्वारा तेज रफ्तार को लेकर पहले ही चालक को आगाह किए जाने की बात सामने आना बेहद चिंताजनक है।
पहाड़ों की संकरी और घुमावदार सड़कों पर जरा सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियां उजाड़ देती है। फिलहाल दोनों घटनाओं में पुलिस और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव तथा आवश्यक जांच की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स की ओर से दोनों हादसों में जान गंवाने वाले सभी लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर

Advertisement