कांग्रेस और सपा के प्रतिनिधियों के बीच 23 से 25 नवंबर तक लगातार गहन मंथन चलेगा, जिसमें कौन सी पार्टी कितनी और किन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसे लेकर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।
सपा की चार सदस्यीय और कांग्रेस की पांच सदस्यीय समिति संभालेगी कमान
कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को अंतिम रूप देने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चार सदस्यों वाली एक विशेष समिति का गठन किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव को इस टीम का नेतृत्व सौंपा गया है, जबकि समिति में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी सांसद राजीव राय और कैराना सांसद इकरा हसन शामिल हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी सपा के साथ सीटों पर बातचीत के लिए पांच सदस्यों का एक पैनल तैयार किया है। इस बैठक की कमान अजय माकन, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी के हाथों में सौंपी गई है।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
181 सीटों की पुरानी सूची किनारे, प्रियंका गांधी की मंजूरी से तैयार हुआ नया फॉर्मूला
कांग्रेस ने पहले सपा को 181 विधानसभा सीटों की एक सूची सौंपकर 15 दिसंबर तक फैसला लेने को कहा था। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक अब इस पुरानी सूची पर बातचीत नहीं होगी। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने पुरानी सूची में से कई सीटों की छंटनी कर एक नई सूची तैयार की है, जिसे पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मंजूरी मिल चुकी है। कांग्रेस की ओर से पहले 181 सीटों पर दावेदारी पेश की गई थी, लेकिन कांग्रेस सूत्रों का मानना है कि सपा इतनी बड़ी संख्या में सीटें देने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में कांग्रेस ने अब सीटों की महज संख्या के बजाय सीटों की चुनावी उपयोगिता और जमीनी ताकत को प्राथमिकता का आधार बनाया है। लिहाजा, पार्टी उन सीटों पर दावा करेगी, जहां उसका संगठन मजबूत है और पिछले चुनावों में प्रदर्शन बेहतर रहा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित सीटों की नई सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र की विधानसभा सीटों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। बैठक में एक-एक सीट पर गहन मंथन होगा और जीत की संभावना (विनेबिलिटी) के आधार पर ही दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल किया जाएगा।
कांग्रेस ने तैयार किया तीन चरणों में 60+50+70 सीटों का नया प्लान
जहां एक ओर कांग्रेस ने पहले 181 सीटों पर दावेदारी का रुख दिखाया था, वहीं सपा की ओर से कांग्रेस को 54 सीटें देने की चर्चाएं चल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी की सहमति से कांग्रेस ने सीटों पर दावा पेश करने के लिए तीन चरणों की रणनीति तैयार की है। पहले चरण में 60 सीटों की डिमांड रखने का प्लान बनाया गया है, जिन्हें कांग्रेस हर हाल में अपने खाते में रखना चाहती है और इनमें पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक की सीटें शामिल हैं। दूसरे चरण में 50 सीटों पर चर्चा होगी, जहां पिछले चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद क्षेत्र की सीटों पर विशेष फोकस है। तीसरे चरण की बैठक में कांग्रेस 70 सीटों पर चर्चा करेगी, जिसमें संगठन की मजबूती और जीत की संभावनाओं के आधार पर अन्य सीटों पर दावा पेश किया जाएगा, जिनमें रायबरेली, अमेठी और प्रयागराज समेत संसदीय क्षेत्रों से जुड़ी सीटें शामिल हैं।
‘एक-एक सीट पर होगा मंथन’, सपा ने नेताओं को दी बयानबाजी से बचने की हिदायत
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, बैठक में सीटों की कुल संख्या तय करने के बजाय एक-एक विधानसभा सीट पर बारीकी से चर्चा की जाएगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सीट बंटवारे का उद्देश्य गठबंधन में मतभेद पैदा करना नहीं, बल्कि गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है और जिन सीटों पर कांग्रेस की स्थिति सपा से बेहतर है, वहां उसे चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए। वहीं, सपा की ओर से सीट बंटवारे को लेकर किसी भी तरह की सार्वजनिक बयानबाजी न करने की सख्त हिदायत दी गई है। गौरतलब है कि पहले यह बैठक 17 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन समिति न बन पाने के कारण राहुल गांधी और अखिलेश यादव की दिल्ली में मुलाकात के बाद इसे टाल दिया गया था। दिल्ली में सोमवार और मंगलवार की बैठकों के बाद दोनों पक्षों के नेता अपने-अपने शीर्ष नेतृत्व को पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके आधार पर अगले दौर की वार्ता की रूपरेखा तय की जाएगी।

