उत्तराखंड/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून में अपनी सरकार के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए विकास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और भाजपा सरकार जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा करने में सफल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा ने दोबारा सत्ता में आकर उत्तराखंड की उस राजनीतिक परंपरा को तोड़ा, जिसमें प्रत्येक विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बदल जाती थी। प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपकर नया राजनीतिक इतिहास बनाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर आम नागरिक तक उनका लाभ पहुंचाना रहा है।
36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा।
अवतार सिंह बिष्ट हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तर प्रदेश, संपूर्ण भारत, देश-विदेश, खेल, आध्यात्मिक, राजनीतिक और जनसरोकारों की खबरों पर नजर।
धामी सरकार ने रोजगार के क्षेत्र में अपनी सबसे बड़ी उपलब्धियों में करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। संगठित नकल और भर्ती परीक्षाओं में धांधली करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची योग्यता के आधार पर नियुक्तियां दी गई हैं। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। हालांकि भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं की अपेक्षाओं और भविष्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने की चुनौती भी सरकार के सामने बनी हुई है।
शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए सरकार ने 11 हजार से अधिक छात्रों को नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं 140 विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं के बाद उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दो लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति दी गई। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की योजना भी शुरू की गई।
महिला सशक्तिकरण और आर्थिक सहायता पर जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बहिनी-भुली योजना के तहत लगभग 5.5 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं की शिक्षा पूरी करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। माताओं और नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए आवश्यक सामग्री वाली किट भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि नौ लाख से अधिक महिलाओं और अन्य पात्र लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। पहले एक परिवार में पति-पत्नी दोनों बुजुर्ग होने के बावजूद केवल एक व्यक्ति को वृद्धावस्था पेंशन मिलती थी, लेकिन सरकार ने नियमों में बदलाव कर पात्रता के आधार पर दोनों को पेंशन देने की व्यवस्था की है।
गरीब परिवारों को मुफ्त राशन और गैस सिलेंडर
गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल कराने की सुविधा दी जा रही है। लगभग दो लाख अंत्योदय परिवार इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से एक लाख से अधिक आवास बनाए जाने की जानकारी भी दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ही 50 हजार अतिरिक्त आवास उपलब्ध कराने की योजना है।
पलायन रोकने और गांवों में रोजगार के प्रयास
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से लगातार हो रहे पलायन को रोकना सरकार के सामने बड़ी चुनौती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। उनके अनुसार 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। सरकार का प्रयास है कि युवा अपने गांवों में रहकर ही रोजगार और व्यवसाय शुरू कर सकें।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए मंडुवा, झंगोरा और लाल चावल जैसे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंडुवा का समर्थन मूल्य 5,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इन उत्पादों को जीआई टैग मिलने से उनकी अलग पहचान बनी है। पर्वतीय क्षेत्रों में एप्पल मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन और सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। दुग्ध उत्पादकों को चार हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा सहित पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि उल्लास कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है। प्रदेश के 500 सरकारी विद्यालयों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अब तक 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाने और सितंबर तक 17 लाख से अधिक मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। हल्द्वानी में कैंसर संस्थान और किच्छा में एम्स की स्थापना की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। दुर्गम क्षेत्रों में गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए हेली एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई है।
यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को सरकार का ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि उत्तराखंड ने 27 जनवरी 2025 को इसे लागू कर देश में पहली पहल की। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था करना है।
इसके साथ ही दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून लागू करने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। मदरसा बोर्ड की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर नई शिक्षा व्यवस्था लागू करने तथा कालनेमि मिशन के तहत कार्रवाई को भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया गया।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मिली गति
बुनियादी ढांचे के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह गया है। ऑल वेदर रोड परियोजना पर कार्य जारी है। प्रदेश में वंदे भारत रेल सेवा शुरू होने के साथ रेलवे स्टेशनों के विकास पर भी काम किया गया है। देहरादून हवाई सेवा के माध्यम से देश के करीब 50 शहरों से जुड़ चुका है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने माणा को देश का अंतिम गांव नहीं, बल्कि पहला गांव बनाने के संकल्प को दोहराया। माणा, मुखवा, गुंजी और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
चारधाम यात्रा और पर्यटन को अर्थव्यवस्था की ताकत बताया
मुख्यमंत्री ने पर्यटन और तीर्थाटन को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि वर्ष 2025 में प्रदेश में छह करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सरकार शीतकालीन चारधाम यात्रा को भी प्रोत्साहित कर रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों का भी उल्लेख किया गया।
गढ़वाली और कुमाऊंनी फिल्मों को प्रोत्साहन देकर स्थानीय भाषा, संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
ई-गवर्नेंस और पारदर्शिता पर सरकार का दावा
सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ई-ऑफिस व्यवस्था का विस्तार किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार 90 हजार से अधिक सरकारी फाइलों पर ऑनलाइन काम किया जा चुका है। जनता की शिकायतों के समाधान के लिए 1905 सीएम हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने विकास, सुशासन, रोजगार और जनकल्याण को केंद्र में रखकर काम किया है। रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से सरकार ने अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखी हैं। अब इन दावों की असली कसौटी यह होगी कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक कितनी प्रभावी तरीके से पहुंचता है और रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पर्वतीय क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं के समाधान में कितनी ठोस प्रगति होती है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता सरकार के इन दावों और जमीनी हकीकत के आधार पर अपना फैसला करेगी।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया की खबरों पर नजर

