उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल इलाके में एक वाहन से ड्राइवर का नियंत्रण खो जाने के कारण वह खाई में जा गिरा। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। यह हादसा रिखणीखाल के कलवाड़ी के पास तब हुआ, जब कार भांगलवाड़ गांव की ओर जा रही थी।

अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए और पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों की स्थिति के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है।

अवतार सिंह बिष्ट हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तर प्रदेश, संपूर्ण भारत, देश-विदेश, खेल, आध्यात्मिक, राजनीतिक और जनसरोकारों की खबरों पर नजर।

सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है और अधिकारियों को घायलों को एयरलिफ्ट करके बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ‘X’ पर लिखा, “पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल, कलवाड़ी में एक भीषण सड़क हादसे की अत्यंत दुखद खबर मिली है।” उन्होंने कहा, “इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “मैंने जिला प्रशासन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि घायलों को उचित इलाज मिले। मैंने यह भी निर्देश दिया है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करके बेहतर चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया जाए।” CM धामी ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

गुलार पुल के पास हादसे में आठ लोगों की हुई थी मौत

यह घटना उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में हुए एक दुखद बस हादसे के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। हरिद्वार से चमोली/जोशीमठ/बद्रीनाथ की ओर जा रही एक यात्री बस सुबह-सुबह गुलार पुल के पास लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 25-26 लोग घायल हो गए थे।

मृतकों की पहचान

मृतकों का विवरण:

  1. कांति देवी (45 वर्ष, पत्नी दिनेश चंद्र)
  2. रेखा देवी (42 वर्ष, पत्नी प्रेम सिंह)
  3. सुमित्रा देवी (50 वर्ष, पत्नी रमेश सिंह)
  4. सुनीता देवी (45 वर्ष, पत्नी मदन सिंह)
  5. धनेश्वरी देवी (46 वर्ष, पत्नी किशन चंद्र)
  6. सरोजनी देवी (38 वर्ष, पत्नी मोहन सिंह)
  7. रजनी देवी (25 वर्ष)
  8. अनिल देबराड़ा (48 वर्ष, चालक)

घायलों की जानकारी

घायलों का विवरण:

  1. शशि देवी (35 वर्ष, पत्नी गजेंद्र सिंह)
  2. शकुंतला देवी (45 वर्ष, पत्नी महेन्द्र सिंह)
  3. जगदीश सिंह (पुत्र भोपाल सिंह)
  4. सत्यवती देवी (36 वर्ष, पत्नी जगदीश)

दुर्घटना का कारण

सूत्रों के अनुसार, सभी महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर अपने गांव लौट रही थीं, लेकिन कलवाड़ी गांव के पास यह दुर्घटना हो गई। रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

इस दुर्घटना में 12 लोग सवार थे, जिनमें से 8 की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हुए हैं। यह हादसा कलवाड़ी गांव के पास हुआ, जहां एक इको वैन लगभग 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।

पुलिस और बचाव कार्य

पुलिस के अनुसार, रिखणीखाल थाना को सूचना मिली कि इको वाहन संख्या UK15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन कलवाड़ी गांव के पास अनियंत्रित हुआ, वह खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों का उपचार

बचाव अभियान के दौरान, टीमों ने चार घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 8 लोगों की जान गई है, जिनमें 7 महिलाएं और एक चालक शामिल हैं। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी थे।

Advertisement