Writingभाजपा प्रदेश कार्यसमिति में मिशन-2027 पर मंथन, कुमाऊं की सियासी जमीन पर नितिन नवीन की नजर

Spread the love


हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित विंटेज गार्डन में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, मिशन-2027 और प्रदेश के राजनीतिक एजेंडे पर मंथन किया जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दोपहर करीब तीन बजे विंटेज गार्डन पहुंचने की संभावना है। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, बूथ स्तर की मजबूती और राजनीतिक चुनौतियों पर दिशा-निर्देश मिलने की उम्मीद है।
कुमाऊं के सियासी समीकरण पर नजर
भाजपा नेतृत्व के सामने कुमाऊं में 2022 के चुनावी प्रदर्शन को मजबूत करने की चुनौती है। 2017 के विधानसभा चुनाव में कुमाऊं की 29 सीटों में भाजपा ने 23 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस पांच सीटों तक सिमट गई थी। 2022 में भाजपा की सीटें घटकर 18 रह गईं और कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की।
ऐसे में भाजपा के सामने 2022 में जीती 18 सीटों को सुरक्षित रखने के साथ कांग्रेस के कब्जे वाली सीटों पर सेंध लगाने की रणनीति तैयार करने की चुनौती है। करीबी मुकाबले वाली सीटों को भी पार्टी प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर सकती है।
ऊधम सिंह नगर सबसे बड़ी चुनौती
तराई के ऊधम सिंह नगर जिले में भाजपा के सामने विशेष चुनौती है। 2022 में जिले की नौ विधानसभा सीटों में भाजपा को चार और कांग्रेस को पांच सीटों पर जीत मिली थी। तराई की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियां पहाड़ी जिलों से अलग हैं। ऐसे में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के कुमाऊं दौरे में ऊधम सिंह नगर की विधानसभा सीटों को लेकर अलग रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है।
हल्द्वानी में 512 मतों की बढ़त ने बढ़ाई चिंता
नैनीताल जिले की छह विधानसभा सीटों में भाजपा ने 2022 में पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बावजूद हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र पार्टी के लिए अहम चुनौती बना हुआ है। 2024 के लोकसभा चुनाव में हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले महज 512 मतों की बढ़त मिली थी। इस करीबी मुकाबले ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों में हल्द्वानी को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण सीट बना दिया है।
यूथ कांग्रेस का विरोध, लगाए ‘नितिन नवीन वापस जाओ’ के नारे
उधर, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ‘नितिन नवीन वापस जाओ’ के नारे लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा में मौजूद व्यक्ति द्वारा भाजपा का झंडा फहराने की घटना से हिंदू आस्था का अपमान हुआ था। प्रदर्शनकारी संविधान की पुस्तक लेकर पहुंचे और देवभूमि में ऐसे कार्यक्रमों को लेकर सवाल उठाए।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बीच कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने हल्द्वानी के सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है। एक ओर भाजपा 2027 के लिए संगठन और चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी है, वहीं कांग्रेस विपक्षी तेवरों के साथ भाजपा नेतृत्व के दौरे को निशाने पर ले रही है।


Spread the love