राज्य आंदोलनकारियों के सत्याग्रह को कांग्रेस रैली में उठाने की अपील, धीरेंद्र प्रताप ने प्रदेश अध्यक्ष से किया आग्रह

Spread the love


देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री धीरेंद्र प्रताप ने अस्वस्थता के कारण आज की कांग्रेस रैली में शामिल होने में असमर्थता जताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से राज्य आंदोलनकारियों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया है।
धीरेंद्र प्रताप ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भेजे संदेश में कहा कि देहरादून स्थित शहीद स्मारक पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी पिछले 86 दिनों से अपनी मांगों को लेकर सत्याग्रह कर रहे हैं। इनमें आंदोलनकारियों के आश्रितों को नौकरी, चिन्हीकरण तथा 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह किया कि रैली में अपने संबोधन के दौरान राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और उनकी मांगों का उल्लेख किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के संघर्ष और बलिदान से उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया, यदि उनकी आवाज सरकार तक नहीं पहुंच रही है तो कांग्रेस को उनकी आकांक्षाओं और अभिलाषाओं के प्रति अपनी गंभीरता स्पष्ट रूप से सामने रखनी चाहिए।
धीरेंद्र प्रताप ने राज्य आंदोलन के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वर्गीय श्री देव सुमन ने भी 84 दिनों तक उपवास किया था। उन्होंने शहीद स्मारक पर चल रहे आंदोलन की अवधि को इसी ऐतिहासिक संघर्ष से जोड़ते हुए कहा कि आंदोलनकारी लगातार अपने अधिकारों के लिए सत्याग्रह कर रहे हैं।
उन्होंने रैली की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के गंभीर प्रयास राज्य आंदोलनकारियों के सवालों पर सकारात्मक परिणाम ला सकते हैं। अपने संदेश की प्रतिलिपि उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।


Spread the love