मुख्यमंत्री धामी का काशीपुर दौरा कल, ‘युवा विद्यार्थी संवाद’ में होंगे शामिल; जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर सीएमओ सख्त, दूषित पानी से निपटने को निगरानी समिति गठित

Spread the love


रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में शनिवार 19 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काशीपुर पहुंचेंगे। वहीं जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था और मेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। दूसरी ओर दूषित पेयजल से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम, जांच और निगरानी के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पेयजल जनित संक्रमण अनुश्रवण समिति का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी कल काशीपुर में
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 19 सितंबर को जनपद भ्रमण पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 11:55 बजे जीटीसी हैलीपैड देहरादून से रवाना होकर 12:40 बजे आईजीएल हैलीपैड काशीपुर पहुंचेंगे। इसके बाद कार से ढकिया रोड स्थित गणेशपुर के द प्रिंस पैलेस पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आयोजित ‘युवा विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे।
जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर सीएमओ सख्त
जिला अस्पताल में गंदगी, मेडिकल वेस्ट, बाहर पड़े कचरे और नालियों की सफाई नहीं होने का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके गोस्वामी ने जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक को अस्पताल परिसर में निरंतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण कराने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से तीन दिन के भीतर सीएमओ कार्यालय को अवगत कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता और बायो-मेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
दूषित पानी से होने वाली बीमारियों पर निगरानी के लिए समिति गठित
उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिले में दूषित पेयजल से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम, जांच और प्रभावी निगरानी के लिए जिला स्तरीय पेयजल जनित संक्रमण अनुश्रवण समिति का गठन किया है।
जिलाधिकारी समिति के अध्यक्ष और मुख्य विकास अधिकारी उपाध्यक्ष होंगे। अधिशासी अभियंता, उत्तराखंड जल संस्थान (अनुरक्षण खंड) को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति में मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नगर निगम रुद्रपुर व काशीपुर के नगर आयुक्त, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा पेयजल निगम और जल संस्थान के अधिशासी अभियंता शामिल किए गए हैं।
समिति पेयजल की स्वच्छता और जल गुणवत्ता को लेकर हर माह बैठक करेगी। किसी क्षेत्र में पेयजल जनित संक्रमण की घटना सामने आने पर संक्रमण के संभावित स्रोत, जल स्रोत, पाइपलाइन, टैंक, लीकेज, सीपेज, क्रॉस-कनेक्शन और पेयजल तथा सीवरेज प्रणालियों के बीच संभावित संबंधों की जांच की जाएगी।
जल स्रोतों और वितरण प्रणाली से आवश्यकतानुसार नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पेयजल स्रोतों, टैंकों और पाइपलाइनों की सफाई, फ्लशिंग, ब्लीचिंग तथा क्लोरीनेशन कराया जाएगा और तकनीकी खामियों को दूर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य दल, हेल्थ कैंप, रोग सर्विलांस, जांच, दवा वितरण और जनजागरूकता अभियान संचालित करेगा। संक्रमण की शीघ्र पहचान के लिए डोर-टू-डोर सर्विलांस भी कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आदेश का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित करने और कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।


Spread the love