महापौर विकास शर्मा की गौशाला निर्माण की घोषणा के बीच शहर में बदहाल गोवंश, प्लास्टिक और कूड़े में भोजन तलाशने को मजबूर गायें!
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर
रुद्रपुर। गौ माता के सम्मान और गौसेवा की बातें राजनीतिक मंचों पर खूब होती हैं, लेकिन रुद्रपुर शहर के बीचों-बीच कूड़े के ढेर पर भोजन तलाशती गायों का दृश्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। प्लास्टिक की थैलियों और कूड़ेदानों में फेंके गए बचे हुए भोजन के सहारे पेट भरने को मजबूर गोवंश की स्थिति देखकर सवाल उठता है कि आखिर इन बेजुबानों की सुध कौन लेगा?
रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा द्वारा गौशाला निर्माण की घोषणा किए जाने के बावजूद शहर में बेसहारा गोवंश की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत महसूस हो रही है। कूड़े में भोजन तलाशती गायें, बीमार पशु और पार्कों में बंधे गोवंश की स्थिति को लेकर नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
गौसेवा और हिंदुत्व की राजनीति करने वाले लोगों से भी सवाल है कि क्या गौ माता का सम्मान केवल नारों और घोषणाओं तक सीमित रहेगा? चुनाव नजदीक आने के साथ जनता यह जानना चाहती है कि इन बेजुबानों के लिए स्थायी व्यवस्था कब होगी।
सवाल सीधा है—गौशाला कब बनेगी, बेसहारा गायों को सुरक्षित आश्रय कब मिलेगा और प्लास्टिक खाकर जिंदगी बचाने की मजबूरी कब खत्म होगी?
