
जवाब देने के लिए बागेश्वर की जनता आतुर है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत,



बागेश्वर में चुनावी घमासान,महंगाई से आज लोगों का जीना मुहाल है। उनके कार्यकाल में जो सामान 10 रुपये में मिलता था, आज 30 रुपये का हो गया है। गरीबों की आवाज सुनने वाली पार्टी कांग्रेस है। उसी से अब लोगों को उम्मीदें हैं। शनिवार को रावत ने विभिन्न स्थानों पर चुनावी सभाएं की। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने नगर में प्रचार किया।
दुग बाजार में आयोजित सभा में पूर्व सीएम रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के लिए तीलू रौतेली पेंशन योजना शुरू की। उस पेंशन योजना को भाजपा ने बंद कर दिया है। गरीबों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को भी बंद कर दिया है। लोग महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हैं। विकास कार्य ठप हैं। नौकरी के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। छह साल से बेरोजगार परीक्षा दे रहे हैं, लेकिन नौकरी नहीं मिल रही है। भर्ती घोटालों की जांच करने की मांग करने वालों को लाठी और डंडे के बल पर चुप कराने का काम हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा पूरी तरह घबराई हुई है। बागेश्वर के लोगों ने कांग्रेस को जिताने का मन बना लिया है। पांच सितंबर को वह अपना निर्णय दे देंगे। पार्टी प्रत्याशी बसंत कुमार ने कहा कि यह चुनाव आमने-सामने का है। जब भी आमने-सामने का चुनाव हुआ, कांग्रेस की जीत हुई है।
‘कांग्रेस को बदनाम कर रही है पुलिस’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा की पुलिस की टीम ने शुक्रवार को जो रुपये पकड़े उसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फंसाने का काम किया गया है। उस वाहन में पांच लोग सवार थे, सबके पास पैसे पड़े थे। सबके जेब से रुपये निकालकर कांग्रेस को बदनाम करने का माहौल बनाया जा रहा है। यह काफी निंदनीय है।
शनिवार को स्थानीय एक होटल पर पत्रकार वार्ता के दौरान करन माहरा ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी बसंत कुमार के चुनाव प्रचार में लगे कार्यकर्ताओं के लिए खाने के रुपये भी पुलिस प्रशासन नहीं रखने दे रहा है। जिले में तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। कहा कि वर्तमान में हर किसी की जेब में 20 से 40 हजार होते हैं। जबरन सभी के जेब से रुपयों को निकालकर एकत्र किया गया है।
कहा कि बाबी पवार पर जिस तरह बयान दिए जा रहे हैं, वह दु:खद हैं। वह बेरोजगार युवाओं के लिए लड़ रहा है, फिर भी उसे बदनाम किया गया है। सीएम को दो दिन यहीं रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस पर भाजपा लगातार परिवारवाद का आरोप लगाती है। आज यहां खुद परिवारवाद के जाल में फंसी हुई है।
‘भाजपा व कांग्रेस ने बारी बारी से प्रदेश को लूटा’
गरुड़ : उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस ने बारी-बारी से प्रदेश को लूटा। उन्होंने कहा कि जनता के पास उक्रांद ही एकमात्र विकल्प है। रामलीला मैदान गरुड़ में आयोजित जनसभा में उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि भाजपा सत्ता के मद में चूर हो गई है। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने और उक्रांद प्रत्याशी अर्जुन देव को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान केंद्रीय प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, एडवोकेट डीके जोशी उपस्थित थे।
