रालोद उत्तराखंड ने स्व. चौधरी अजीत सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, बताया उन्हें किसानों और उत्तराखंड आंदोलन का सच्चा साथी

Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय लोकदल उत्तराखंड प्रदेश संगठन ने पार्टी संस्थापक, पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं किसान नेता स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चौधरी अजीत सिंह की मूर्ति का माल्यार्पण कर प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र पंत व कार्यकर्ताओं ने उन्हें स्मरण किया।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)

प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र पंत ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह न केवल किसानों के सशक्त आवाज थे बल्कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान उन्होंने आंदोलनकारियों को दिल्ली में पूरा समर्थन दिया। वे उस समय कैबिनेट मंत्री के रूप में 21 तुगलक रोड स्थित सरकारी आवास में रहते थे और वहीं से उत्तराखंड के आंदोलनकारियों की हरसंभव सहायता करते थे। उनका उत्तराखंड के प्रति प्रेम और प्रतिबद्धता अतुलनीय थी।

प्रदेश संगठन महासचिव अशोक चौधरी ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह जी को आज पूरा रालोद परिवार विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। कृषि मंत्री रहते हुए उन्होंने किसानों के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए—चाहे वह भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को बढ़ाना हो या चकबंदी के कानून में बदलाव करना। उन्होंने किसानों की ज़मीन की क़ीमत बढ़वाकर उन्हें न्याय दिलाया।

पछवादून जिला अध्यक्ष सुशील मलिक ने कहा कि जब चौधरी अजीत सिंह कृषि मंत्री थे, उन्होंने गन्ना किसानों को राहत पहुंचाने के लिए गन्ना मिलों की स्थापना की दूरी को 25 किलोमीटर से घटाकर 15 किलोमीटर कर दिया था, जिससे न केवल गन्ने की मिलों की संख्या बढ़ी बल्कि क्षेत्रीय बेरोजगारी में भी कमी आई।

प्रदेश सचिव आरती जायसवाल ने उन्हें महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उत्थान के लिए प्रतिबद्ध नेता बताया। प्रदेश मीडिया प्रभारी सुंदर सिंह रावत ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह जैसे नेता विरले होते हैं जिन्होंने न केवल किसानों की आवाज़ बुलंद की बल्कि उत्तराखंड के आंदोलन को भी देश की राजधानी तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट, संजय तितोरिया, प्रवीण कुमार, कुसुम ठाकुर, दीपा ठाकुर, सिमरन शर्मा, मुन्नी देवी, गौरव ममगाई, संतोष यादव, इस्लाम, मोहम्मद साजिद समेत दर्जनों रालोद कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।



Spread the love