
उत्तराखंड में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की मुहिम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। जिला ऊधम सिंह नगर पुलिस एवं STF कुमाऊं की संयुक्त कार्रवाई ने गुरुवार रात को नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क को करारा झटका दिया। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तस्कर अली राजू को 434.748 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।


प्रिंट मीडिया, शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स/संपादक उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)संवाददाता
गिरफ्तार किए गए तस्कर अली राजू पुत्र रहमत अली, निवासी ग्राम बेलवा थाना फरधान, जिला लखीमपुरखीरी (उत्तर प्रदेश) है। वह इस भारी मात्रा में गांजा कैन्टर वाहन संख्या UK 06 CB 4534 में छुपाकर ले जा रहा था।
पूछताछ में अली राजू ने खुलासा किया कि वह यह गांजा सुरेश गुप्ता के कहने पर ऊधमसिंहनगर सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
नशा तस्करी पर ऊधम सिंह नगर पुलिस का करारा प्रहार
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि ऊधम सिंह नगर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ पूर्ण संकल्प के साथ मैदान में है। बीते एक वर्ष में नशे के विरुद्ध की गई ऐसी कई सघन कार्रवाइयों ने यह साबित किया है कि जिला पुलिस नशे की जड़ों को पूरी तरह से उखाड़ने को प्रतिबद्ध है।
एसएसपी ऊधम सिंह नगर के निर्देशों पर जिस प्रकार STF और स्थानीय पुलिस एकजुट होकर कार्रवाई कर रही है, वह प्रदेशभर में एक मिसाल बन रही है। ‘नशा मुक्त उत्तराखंड’ की परिकल्पना को साकार करने में ऊधम सिंह नगर की यह बड़ी उपलब्धि है।
जनसरोकार और आंदोलनकारियों का समर्थन
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों और आम जनमानस ने इस सफल कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। जनता का मानना है कि जिस प्रकार ऊधम सिंह नगर में पुलिस ने साहस और सतर्कता का परिचय दिया है, उसी तरह अन्य जिलों में भी इस तरह की मुहिम चलनी चाहिए।
“अगर हर जिले में पुलिस ऐसे ही कठोरता से नशे के खिलाफ कार्य करे, तो जल्द ही हम अपने उत्तराखंड को नशा मुक्त राज्य बना सकते हैं,” यह भावना आज प्रदेश भर में गूंज रही है।
इस सफलता के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस एवं STF की टीम बधाई की पात्र है। उनकी कार्यशैली और समर्पण यह सिद्ध करता है कि नशे के विरुद्ध यह संघर्ष अब निर्णायक परिणाम की ओर अग्रसर है।
— रिपोर्ट: अवतार सिंह बिष्ट, संवाददाता, रुद्रपुर
