

श्रीनगर में गुलदार ने ली खेत में घास काटने गई बुजुर्ग की जान

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
श्रीनगर के कोटी गांव में गुलदार ने हमला कर एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
गुरुवार शाम करीब चार बजे 60 वर्षीय गिन्नी देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह अपनी बहू व अन्य महिलाओं के साथ खेतों में घास काटने गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। गुलदार को देख महिला की बहू बेहोश होकर गिर पड़ी। महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया। पूर्व प्रधान जगमोहन सिंह पंवार ने बताया कि गिन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। डीएफओ पौड़ी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर गश्त कर रही है। पीड़ित परिवार को तत्काल छह लाख रुपये का मुआवजा दिया जा रहा है।
पौड़ी में गुलदार के डर से स्कूल पंचायत घर में शिफ्ट
पौड़ी के पोखड़ा में गुलदार की दहशत के बाद प्राइमरी स्कूल बासई तल्ली को गांव के ही पंचायत घर में शिफ्ट कर दिया गया है। इस स्कूल को पंचायत घर में संचालित करने के लिए प्रबंधन समिति ने विभाग से गुहार लगाई थी।




