लमगड़ा (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में 23 और 24 सितंबर को श्री कल्याणिका वेद वेदांग संस्कृत विद्यापीठ, डोल आश्रम, अल्मोड़ा में खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत नाटक, समूह नृत्य, समूह गान, आशुभाषण, श्लोकोच्चारण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
खंड संयोजक डॉ. संजय दत्त भट्ट ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन 23 सितंबर को कनिष्ठ वर्ग तथा 24 सितंबर को वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कनिष्ठ वर्ग के परिणाम में संस्कृत नाटक में रा. इ. का. ज्वारनैडी, समूह गान में डोल आश्रम अल्मोड़ा, समूह नृत्य में रा. बा. इ. का. जलना, आशुभाषण में रा. इ. का. शहर फाटक, वाद-विवाद में रा. बा. इ. का. जलना तथा श्लोकोच्चारण में डोल आश्रम अल्मोड़ा ने स्थान प्राप्त किया।
वहीं वरिष्ठ वर्ग में नाटक में रा. बा. इ. का. जयंती, समूह गान में रा. इ. का. गंगानगर, समूह नृत्य में रा. बा. इ. का. जलना, आशुभाषण में रा. बा. इ. का. जलना, वाद-विवाद में रा. बा. इ. का. जलना तथा श्लोकोच्चारण में रा. इ. का. गंगानगर विजेता रहा।
प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि आरएसएस विभाग प्रचारक अल्मोड़ा कमल जी तथा मार्गदर्शिका खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा प्रेमा बिष्ट मौजूद रहीं। अतिथियों ने संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और विद्यार्थियों में इसके प्रति रुचि बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समापन समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड गोविंद सिंह कुंजवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी कपिलेश्वरानंद जी महाराज ने की। आयोजन के दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आयोजकों का उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता ने संस्कृत भाषा को विद्यालयी स्तर पर बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान किया।
